ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

श्रीश्याम निशान पदयात्रा का कल होगा जगह जगह भव्य स्वागत

नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर)। स्थानीय श्री श्याम भक्त मंडल के तत्वाधान में गुरुवार की सुबह निकलने वाली श्रीश्याम निशान पदयात्रा का जगह जगह भव्य स्वागत होगा। इसकी पूर्व संध्या पर बुधवार की शाम स्थानीय मारवाड़ी विवाह भवन में निशान पूजन और बाबा श्रीश्याम की ज्योति पूजन के पश्चात भजनों की गंगा भी बहेगी।
उपरोक्त जानकारी मीडिया प्रभारी अशोक केडिया ने देते हुए बताया कि गुरुवार की सुबह 6 बजे स्थानीय मारवाड़ी विवाह भवन से ही निशान पूजन कर भजनों की गंगा में गोते लगाते हुए संग रासमंडली और अबीर गुलाल खेलते नवगछिया नगर के मुख्य मार्ग, दुर्गा स्थान चौक, स्टेशन रोड के रास्ते NH31 होते हुए भागलपुर मंदरौजा स्थित श्याम मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। इस विशाल निशान पद शोभा यात्रा में पूरे रास्ते जगह-जगह विभिन्न संस्थाओं के द्वारा निशान लिए भक्तों के लिए कई प्रकार की सेवा भी प्रदान की जाएगी। 

इस निशान पदयात्रा के दौरान नवगछिया स्टेशन रोड में सेवार्थ द्वारा हरीकुंज के पास, एनएच 31 नवगछिया जीरोमाइल तेतरी के बीच फूड प्लाजा में उसके संचालक संतोष कुमार द्वारा एवं श्री श्याम भक्त मंडल द्वारा, खगड़ा के समीप वैभव होटल में बाबा का हुक्म द्वारा तथा जगतपुर से आगे समाजसेवी सह पूर्व मुखिया अवधेश साहू जी की तरफ से उनके पेट्रोल पंप पर तथा विक्रमशिला सेतु के पार स्थित चाणक्य कॉलोनी में केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ द्वारा सेवा प्रदान की जाऐगी। जहां अलप विश्राम कर सभी निशान यात्री पुनः मंदरौजा  स्थित श्रीश्याम मंदिर के लिए अबीर गुलाल  खेलते हुए झूमते नाचते श्याम बाबा को अपना निशान अर्पण करेंगे। 
इसके बाद देवी बाबू की धर्मशाला में केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ के अध्यक्ष विष्णु खेतान एवं श्रीमती अनुराधा खेतान की गरिमामय उपस्थिति में महा प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष अनिल केजरीवाल, मनोज चौधरी, रवि सर्राफ, नंदलाल तिवारी, रूपेश रुंगटा, संदीप चिरानिया, रॉकी भरतीया, अशोक केडिया, गौरीशंकर सर्राफ एवं सभी सदस्य गण तथा श्याम प्रेमी जोर-शोर से लगे हुए हैं।