ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

चुनाव को ले होली में बिखरे कई रंग, कहीं उदासी कहीं उमंग

हर्षोल्लास के साथ रंगों का त्यौहार होली हुई सम्पन्न

राजेश कानोड़िया, नवगछिया (भागलपुर)। इस बार की होली ने बिखेरे कई रंग, कहीं उदासी रही तो कहीं उमंग, रंगों से ज्यादा मस्ती मिली, अबीर और गुलाल के संग। जी हां! कुछ ऐसा ही नजारा इस बार की होली में नजर आ रहा था पुलिस जिला नवगछिया के इलाकों में। बात जो लोकसभा चुनाव को लेकर छायी हुई थी। इस बार होली पर चुनावी तालमेल का गहरा असर दिखाई दिया। कहीं होली के बहाने रंग में भंग न पड़ जाए इसलिए प्रशासन भी चौकन्ना ही रहा। वैसे तो होलिका दहन और होली का रंगोत्सव पूरे पुलिस जिले में मनाया गया। होलिका दहन का कार्यक्रम नारायणपुर, बिहपुर, खरीक, गोपालपुर, रंगरा सहित सैकड़ों जगहों पर हुआ, लेकिन मुख्य कार्यक्रम नवगछिया नगर के बालभारती विद्यालय में मनाया गया। जहां होली के गीतों के बीच समाजसेवियों के साथ साथ थानाध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सभी सक्रिय दिखे।

पूरा पुलिस जिला नवगछिया भागलपुर लोकसभा क्षेत्र में ही पड़ता है। जहां जनसंघ काल से ही भागलपुर में भाजपा का भगवा लहराया है। लेकिन इस बार के चुनावी गठबंधन के तहत पहली बार भागलपुर की सीट भाजपा की जगह जदयू को मिलने का एलान हो चुका है। सिर्फ प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। लिहाजा जहां सारे भाजपाइयों की होली का रंग पूरी तरह से फीका पड़ गया। वहीं जदयू कार्यकर्ताओं एवं नेताओं की होली ने अपना रंग जमाया।

प्रशासन रहा पूरी तरह चौकस
यह अलग बात है कि रंगों का पर्व होली पूरे पुलिस जिला में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। जहां पुलिस जिला क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया मुकेश कुमार ने डीजे पर प्रतिबंध लगाते हुए निषेधाज्ञा के तहत धारा 144 लागू कर दी। वहीं पुलिस अधीक्षक निधि रानी और जिला पदाधिकारी के संयुक्त आदेश के साथ 113 स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर दी गई। पूरी होली के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार के साथ साथ पुलिस अधीक्षक निधि रानी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेन्द्र भारती पूरे इलाके से पल पल की खबर लेते रहे। लिहाज पूरी होली हर्षोल्लास के साथ शांति पूर्वक सम्पन्न हो गई।

कहीं उदासी तो कहीं उमंग
इस बार की होली में चुनावी तड़का लगने से इसका जायका कुछ और ही लगा। लोगों को रंग से ज्यादा मस्ती अबीर और गुलाल से मिली। पूरे इलाके में जहां सुबह से दोपहर तक लोग एक दूसरे को रंग लगाकर आनंद ले रहे थे। वहीं इससे कई गुना ज्यादा लोग दोपहर बाद से देर शाम तक एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा कर आनन्द लेते देखे गए। इस होली में चुनावी तड़का के कारण भाजपाइयों को होली का रंग काफी फीका ही लगा। सभी के दिल में टिकट नहीं मिलने का दर्द साफ दिखा, लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष बिनोद मंडल सहित सभी ने पुलवामा को लेकर होली नहीं मनाएं जाने की बात कही। वहीं जदयू के जिलाध्यक्ष चंदेश्वरी प्रसाद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, महिला जिलाध्यक्ष अंजनी देवी, इस्माइलपुर प्रखंड अध्यक्ष गुलशन कुमार ने अपना रंग गहरा जमाने की भरपूर कोशिश की।