ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आखिरकार जेल भेजा ही गया सोनवर्षा के चंदन को

नव-बिहार न्यूज एजेंसी (NNA), नवगछिया : बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा निवासी चंदन कुंवर को गोलीकांड के एक अन्य मामले में पुन: गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ बिहपुर थाने में प्राथमिकी कांड संख्या 75/18 दर्ज थी। 21 फरवरी 2018 को बिहपुर थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के बयान पर ही उसपर आर्म्स एक्ट और गोली चलाने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

तब कोर्ट से हो गया था रिहा: बुधवार को ही नवगछिया पुलिस ने चंदन को तेतरी गांव के एक गोलीकांड और रंगदारी मामले में कचहरी चौक से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे गुरुवार को एसीजेएम-2 संतोष कुमार की अदालत में पेश किया गया था। लेकिन उस केस में चंदन का नाम नहीं होने के कारण कोर्ट ने उसे बेकसूर बता रिहा कर दिया था। साथ ही एसपी पंकज सिन्हा को मंगलवार तक कोर्ट में सदेह उपस्थित होकर जबाव देने को कहा था। यद्यपि, कोर्ट से निकलते ही चंदन को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया था, जिसे शुक्रवार को दूसरे मामले में पुलिस ने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम ओम सागर की अदालत में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।