ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया के पूर्व एसपी और थानाध्यक्ष सहित एक दर्जन के खिलाफ सम्मन जारी

नव-बिहार न्यूज एजेंसी (NNA), नवगछिया (भागलपुर) : बिहार के व्यवहार न्यायालय नवगछिया स्थित एसीजेएम-2 संतोष कुमार की अदालत ने 18 अप्रैल बुधवार को
नवगछिया के तत्कालीन एसपी पंकज सिन्हा और थानाध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु के अलावा एक दर्जन लोगों के खिलाफ अदालत में उपस्थित होने हेतु समन भेजने का संज्ञान लिया है। यह संज्ञान एक जमीन विवाद में एक सेवा निवृत्त शिक्षिका के साथ मारपीट कर उसे हाजत में बंद करने के मामले पर लिया गया है। अदालत ने तीन गवाहों के बयान सुनने और स्टेशन डायरी के अवलोकन के पश्चात धारा 147, 148, 149, 323, 341, 354 ए, 354बी, 441, 427, 120बी भारतीय दंड विधान के तहत इस मामले पर संज्ञान लिया है। नवगछिया थाने के अनि महेंद्र सिंह, सअनि मंजर खां सहित नवगछिया के पकड़ा गांव के दस अन्य आरोपितों के खिलाफ भी समन जारी करने का निर्णय लिया गया है।
यह है मामला
नवगछिया थाना क्षेत्र के पकड़ा गांव निवासी अनुपलाल प्रसाद सिंह की पत्नी सेवा निवृत्त शिक्षिका मीरा कुमारी सिन्हा ने तीन अप्रैल को नवगछिया न्यायालय में एक परिवाद दायर किया था, जिसमें तत्कालीन एसपी पंकज सिन्हा, थानाध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु सहित पकड़ा गांव के प्रभाकर सिंह, विभाषक सिंह, प्रमोद सिंह, नवनीत कुमार उर्फ सन्नी, मोनी कुमार, साजन कुमार, छोटू कुमार, हरिश कुमार सहित 10-15 लोगों को आरोपित किया था। दर्ज परिवाद के अनुसार महिला की आठ डिसमिल जमीन पर गांव के ही आरोपितों द्वारा हथियार के बल पर जबरन गृह निर्माण कराया जा रहा था। साथ में नवगछिया थाने की पुलिस भी थी। विरोध करने पर पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई करते हुए महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद महिला को घसीटते हुए पुलिस जीप में बिठाकर नवगछिया थाना लाया गया। वहां हाजत में बंद कर दिया गया। शाम में महिला को थाने से छोड़ दिया गया। इस बीच जमीन पर पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण करा दिया गया।