ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

कांग्रेस का हाथ छोड़ अशोक चौधरी बने जदयू के तीर

नव-बिहार समाचार, पटना : बिहार उपचुनाव और होली के ठीक पहले कांग्रेस का हाथ छोड़ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी जदयू के तीर बन गए।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी सहित कांग्रेस के चार एमएलसी ने पार्टी का हाथ (साथ) छोड़कर जदयू के तीर में शामिल हो राजग का दामन थाम लिया। इससे पहले अशोक चौधरी गुट ने बुधवार की देर शाम विधान परिषद के उपसभापति हारुण रशीद को आवेदन देकर सदन में अलग गुट के रूप में मान्यता देने का आग्रह किया। इसके साथ ही कांग्रेस में एक बड़ी टूट हो गई।
इधर चौधरी गुट का यह फैसला सार्वजनिक होने के साथ ही बिहार कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने चारों नेताओं अशोक चौधरी, दिलीप चौधरी, रामचंद्र भारती और तनवीर अख्तर को पार्टी से निष्कासित कर दिया। कांग्रेस छोड़ने का फैसला लेने के बाद अपने सरकारी आवास 1, पोलो रोड में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में डॉ. चौधरी ने कहा कि मैंने अध्यक्ष पद संभालने के बाद बिहार में कांग्रेस को खड़ा किया। विधान परिषद में कांग्रेस के छह सदस्य बने। चार विधायक वाली पार्टी को 27 विधायक तक पहुंचाया। पर मेरे साथ क्या हुआ किसी से छिपा नहीं। मुझे हर तरह से अपमानित किया गया। यहां तक कि विधायक दल की बैठक में मुझ पर आरोप लगाए गए कि मैं भभुआ प्रत्याशी को हराने के लिए काम कर रहा हूं।
इतने आरोप और बेइज्जती के बाद कांग्रेस छोड़ने के अलावा मेरे पास दूसरा विकल्प नहीं था। डॉ. चौधरी ने बताया कि वह और तीन अन्य एमएलसी कांग्रेस छोड़ जदयू की सदस्यता लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मेरी बात हुई। मैंने उनसे आग्रह किया कि हमें जदयू में शामिल किया जाए। उनकी रजामंदी के बाद मैंने विधान परिषद में अलग गुट की मान्यता के लिए आवेदन दिया है। चौधरी ने कहा कि नीतीश पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं। न ही वे जाति की राजनीति में विश्वास करते हैं। उनका ध्येय राज्य का विकास करना है। इस वक्त उनके जैसा दूसरा कोई राजनेता नहीं।
उन्होंने कहा कि जदयू में जाने के पीछे मेरी पद जैसी कोई लालसा नहीं है। पार्टी मुझे जो दायित्व सौंपेगी उसका निर्वहन करुंगा। एक सवाल पर उन्होंने कहा आगे देखिए, अभी कांग्रेस को और लोग भी अलविदा कहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी छोड़ने वाले एमएलसी रामचंद्र भारती, दिलीप चौधरी, तनवीर अख्तर के साथ ही दूसरे कई नेता मौजूद थे।