ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

माता सरस्वती को दी गयी भावपूर्ण विदाई, प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन

माता सरस्वती को दी गयी भावपूर्ण विदाई, प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन
नव-बिहार समाचार, नवगछिया : नवगछिया अनुमंडल में धूमधाम से मां सरस्वती की पूजा अराधना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। लगभग सभी प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से हो गया। नवगछिया नगर क्षेत्र
में कुछ प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को कर दिया गया था। इसके बाद बची प्रतिमाओं में अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार को विभिन्न तालाबों और जलाशयों में किया गया।
इस अवसर पर बिहपुर कायस्थटोला में महिलाओं ने मां शारदे को सिंदूर लगाकर व खोईछा देकर विदा किया। सुहागिन महिलाओं ने एक दूसरे को सिंदूर लगा सिंदूर की होली भी खेली। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी चौकस रहे। मौके पर वीणा पुस्तकालय प्रांगण में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई।
नारायणपुर प्रखंड में भी विद्या की देवी माता सरस्वती की प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। विसर्जन तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बंद रखा गया था। विसर्जन जुलूस में प्रतिबंध के बावजूद डीजे की धुन पर रंग-गुलाल खूब उड़े। वीरबन्ना गांव में विसर्जन में लोगों ने खूब पटाखे छोड़े। यहां गोली फायर करने की बात कही जा रही है। गोली फायर करने से गांव में ग्यारह हजार वोल्ट का तार टूटकर गिर पड़ा। इससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बिजली आपूर्ति बंद रहने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। विसजर्न जुलूस में गोली चलने की बात से इन्कार करते हुए भवानीपुर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश कहा कि प्रतिमा का विसर्जन शांतिपूर्ण रहा।
खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में विद्या वाहिणी क्लब द्वारा स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमाएं कलबलिया धार में विसर्जित की गईं। विसर्जन जुलूस में शुभम सागर, अभय प्रताप, मारुति, बलवीर, सामवेद, समरजीत, सत्यम, शुभम, लालू, विशाल, विक्की, मनीश आदि शामिल हुए।