ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आज दोपहर बाद लालू सहित इन लोगों को सुनाई जाएगी सजा

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, रांची। बहुचर्चित चारा घोटाले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, आर के राणा, जगदीश शर्मा समेत 16 दोषियों की सजा पर आज फैसला आ सकता है। गुरुवार को लालू यादव पर सुनवाई नहीं हो पाई थी और फैसला आज तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। आज दोपहर बाद सजा पर ऐलान हो सकता है।

सीबीआई के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में गुरुवार को पांच दोषियों पर सुनवाई हुई लेकिन बाकियों पर बहस आज होनी है। कल लालू यादव जेल से कोर्ट आए लेकिन सुनवाई को 2 बजे तक के लिए टाल दिया गया और फिर खबर आई कि सुनवाई शुक्रवार यानी आज होगी। ऐसे में सुरक्षा कारणों के चलते लालू को वापस जेल भेज दिया गया।

इन्हें सुनाई जाएगी सजा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, पूर्व सांसद जगदीश शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ. आरके राणा, पूर्व पशुपालन सचिव बेक जुलियस, पूर्व पशुपालन सचिव महेश प्रसाद, पूर्व वित्त आयुक्त फूलचंद सिंह, पूर्व सरकारी अधिकारी सुबीर कुमार भट्टाचार्य, डॉ. कृष्ण कुमार प्रसाद, आपूर्तिकर्ता त्रिपुरारी मोहन प्रसाद, सुशील कुमार, सुनील कुमार सिन्हा, सुनील गांधी, संजय अग्रवाल, गोपीनाथ दास, ज्योति कुमार झा और  राजेंद्र प्रसाद शर्मा।  

क्या है मामला

सीबीआई ने इस मामले में देवघर कोषागार से फर्जी बिल बनाकर 89 लाख रुपये की निकासी करने का आरोप सभी पर लगाया था। आपूर्तिकर्ताओं पर सामान की बिना आपूर्ति किए बिल देने और विभाग के अधिकारियों पर बिना जांच किए उसे पास करने का आरोप है। लालू पर गड़बड़ी की जानकारी होने के बाद भी इस पर रोक नहीं लगाने का आरोप है। 

रघुवंश, तेजस्वी, मनीष और शिवानंद को अवमानना का नोटिस

राजद नेता रघुंवश प्रसाद सिंह, तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता मनीष तिवारी और राजद के शिवानंद तिवारी के खिलाफ सीबीआई कोर्ट ने अवमानना का नोटिस जारी किया है। सभी को 23 जनवरी तक यह बताने को कहा गया है कि क्यों नहीं उनके खिलाफ अदालत की अवमानना का मामला चलाया जाए। नोटिस जारी करते हुए सीबीआई जज शिवपाल सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश के साथ मजाक किया जा रहा है, जिसे जो मन कर रहा कमेंट कर रहा है। यह अदालत की अवमानना का मामला है।