नव-बिहार समाचार, कटिहार : बिहार में कटिहार रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन में कई दिनों से खड़ी 15707 अप आम्रपाली एक्सप्रेस के एक बोगी में अचानक आग लग गयी. रेलकर्मी जब तक कुछ समझ पाते बोगी धू-धूकर जलने लगी. आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर अफरातफरी का माहौल बन गया. देखते ही देखते ट्रेन की वह बोगी पूरी तरह से जलकर खाक हो गयी.
बताया जा रहा है कि कटिहार स्टेशन के रेलयार्ड में खड़ी आम्रपाली एक्सप्रेस के जनरल बोगी में शार्टसर्किट के कारण आग लग गयी. बचाव कार्य में जुटे रेल कर्मियों ने अन्य बोगियों को काट अलग किया. ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जल चुकी है. आम्रपाली एक्सप्रेस कटिहार से अमृतसर तक जाती है. एक वरिष्ठ रेल अधिकारी ने एक कोच में आग लगने की पुष्टि की है. हालांकि, उन्होंने आम्रपाली एक्सप्रेस में आग लगने से इनकार किया है. उनका कहना है कि यह अतिरिक्त कोच था जिसका इस्तेमाल किसी ट्रेन की बोगी में खराबी आने के बाद विकल्प के रूप में किया जाता था. उन्होंने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.