ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया : बिनोद यादव हत्याकांड में पूर्व जिला परिषद सहित छह को कल मिलेगी सजा

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क (NNN), नवगछिया। बिहार के पुलिस जिला नवगछिया में आज के ही दिन पिछले साल यानि कि 20 अगस्त की सुबह 7 बजे हुई बाहुबली राजद नेता बिनोद यादव हत्याकांड मामले में व्यवहार न्यायालय नवगछिया की एक अदालत ने शनिवार को रंगरा के पूर्व जिला पार्षद अरविंद यादव सहित छह
अभियुक्तों को दोषी करार दे दिया है। जिन्हें सोमवार 21 अगस्त को सजा सुनाई जायेगी।
व्यवहार न्यायालय नवगछिया के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम विजय बहादुर यादव के न्यायालय ने सत्रवाद संख्या 5/17 के अभियुक्त पूर्व जिला पार्षद अरविंद यादव (साधोपुर), नंद किशोर मंडल(सधुआ), पिंटू सिंह और धनंजय कुमार(मिलटोला), मुकेश कुमार उर्फ टुनटुन उर्फ राजीव कुमार (लतरा) और सचिन उर्फ सच्चो यादव (रसलपुर) को धारा 147, 148, 302, 120 बी और 27 आर्म्स एक्ट में दोषी करार दिया है। जिसकी सजा के बिंदू पर सोमवार को सुनवाई करेगी।
बिनोद यादव की भाभी सुनीता देवी के बयान पर नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मुकदमे में छह गवाह ने गवाही में घटना का समर्थन किया।  सुनीता देवी के बयान पर छोटुआ उर्फ पुरुषोत्तम यादव, अरविंद यादव, मानकेसर सिंह, रूपेश फौजी, नंदकिशोर मंडल, पिंटू सिंह, धनंजय, सचिन बालकेसर सिंह, अजित यादव, राहुल यादव एवं राजीव कुमार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। पुलिस द्वारा पिंटू सिंह, धनंजय, सचिन, राजीव एवं मुकेश को गिरफ्तार किया गया, जबकि अरविंद यादव ने एसपी के सामने समर्पण कर दिया था।
पूर्व प्रमुख मानकेसर एवं कुमोदी गिरफ्त से बाहर 
पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी नवगछिया प्रखंड के पूर्व प्रमुख मानकेसर सिंह एवं कुमोदी यादव आज भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। गिरफ्तारी के लिये पुलिस की टास्क फोर्स लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी रूपेश फौजी सेना में है। छोटुआ सहित चार के लिए चल रहा अलग सेशन पुलिस द्वारा बाद में गिरफ्तार किये गये छोटुआ, अजित यादव, बालकेसर सिंह एवं राहुल यादव का अलग सेशन चल रहा है। गवाही भी चल रही है।
न्यायलय में चप्पे-चप्पे पर तैनात थी पुलिस
एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन के निर्देश पर बिनोद यादव हत्याकांड की सुनावई को लेकर न्यायालय और अनुमंडल मुख्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई थी। अनुमंडल कार्यालय के प्रवेश द्वार सहित चारों कोने पर पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखे हुई थी।