ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर: सावधान पसर रहा है चिकेन पॉक्स, साफ़-सफाई जरुरी


नव-बिहार न्यूज नेटवर्क, भागलपुर (NNN)। शहर के वार्ड नंबर 13 स्थित कंपनीबाग के प्रायः हर घर में चिकेनपॉक्स का प्रकोप पिछले 10 दिनों से फैल रहा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहली बार यहाँ पहुंची और पीड़ितों का नाम-पता लिखकर चली गई।
यहां के चौधरी मंडल के परिवार में पांच लोग चिकेन पॉक्स की चपेट में आ गए हैं। इनमें सात साल की गायत्री, 12 साल की रवीना, 20 साल की देवयानी देवी, कुसुम कुमारी शामिल हैं। जीतन मंडल की बेटी निको मंडल, श्याममंडल के बेटे अंशु के चेहरे पर लाल दाने हैं और बुखार, बदन दर्द भी है। ज्यादातर लोग आज भी झाड़फूंक के भरोसे मरीजों को छोड़ देते हैं।
छह साल का अंशु दस दिनों से परेशान हैं। न सही से कुछ खा पा रहा है और न ही सो पा रहा है। अंशु की मां ने बताया कि देवी का प्रकोप है। खुद ही धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा। पांच वर्षीय कमलेश कुमार, 12 वर्षीय मनीष कुमार, तीन वर्षीय बालवीर कुमार, आठ वर्षीय गुड्डी कुमारी, छह वर्षीय संजू कुमारी, तीन वर्षीय संजू कुमारी, पांच वर्ष के संजीत कुमार भी काफी कमजोर हो गए हैं।

वार्ड-7 में भी पसारा पांव
वार्ड-7 के गडकछारी लेन में भी दर्जनभर से ज्यादा लोग चिकेनपॉक्स की चपेट में हैं। मो. निक्कू, कुर्वान, चांदनी, समर, रुकसाना, तबस्सुम के अलावा भी कई लोगों में चिकेनपॉक्स के लक्षण पाए गए हैं। यहां अभी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई टीम नहीं पहुंची है। निगम द्वारा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी नहीं कराया गया है।

गंदगी है बीमारी की जड़, फिर भी जागरूकता नहीं
डॉक्टरों का कहना है कि गंदगी की वजह से ही इस मौसम में चिकेनपॉक्स होता है। इसके बावजूद इलाके में साफ-सफाई को लेकर न तो नगर निगम, न वार्ड काउंसलर और न ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता फैलाई गई। नतीजा इलाके में हर दिन चार से पांच नए मरीज जुड़ते जा रहे हैं।

सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार कहते हैं कि टीम ने जाकर जांच की। मगर रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जायेगी।

कैसे होता है चिकेनपॉक्स
चिकेनपॉक्स एक वायरल बीमारी है। जो वॅरीसेला जोस्टा वायरस (वीजेडवी) के संपर्क में आने से फैलता है। यह एक से दूसरे में आसानी से फैल जाता है।

लक्षण
शरीर पर लाल दाने आना, सिरदर्द, तेज बुखार, जी मिचलाना, भूख न लगना, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, खुजली होना। इलाज में देरी से फेफड़े में इंफेक्शन का खतरा रहता है।

बचाव
जिला प्रतिरक्षा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि घरों और आसपास में साफ-सफाई रखें। नीम के पत्ते का इस्तेमाल करें। बच्चों को चिकेनपॉक्स का टीका जरूर लगवाएं।