ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया: नमामि गंगे योजना 30 तक करें पूरा- एसडीओ

नव-बिहार समाचार, नवगछिया (भागलपुर) : भागलपुर जिला के नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश ने सोमवार को अपने कार्यालय वेश्म में नमामि गंगे परियोजना की प्रखंडवार समीक्षा की। मौके पर सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी और नमामि गंगे योजना के समन्वयक मौजूद थे।
समीक्षा बैठक के बाद अनुमंडल पदाधिकारी डॉ आदित्य प्रकाश ने कहा कि रंगरा चौक प्रखंड में मात्र एक ही पंचायत का लक्ष्य था। जिसके तहत तिनटंगा दियारा उत्तर को ओडिएफ बनाने का लक्ष्य पूरा हो गया है। बाढ़ के कारण सबसे बदतर स्थिति इस्माइलपुर प्रखंड की है। इस प्रखंड के छह राजस्व ग्राम को ओडिएफ घोषित करना था। इनमें से अबतक मात्र दो राजस्व ग्राम ही ओडिएफ घोषित हो पाया है। खरीक प्रखंड में भी छह राजस्व ग्राम को ओडिएफ घोषित करना है। यहां भी मात्र एक राजस्व ग्राम ओडिएफ घोषित हुआ है। इन सबसे अलग नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत बैकठपुर दुधैला और शहजादपुर पंचायत की स्थिति है। जहां का रास्ता दुर्गम होने की वजह से कार्य में परेशानी आ रही है। लेकिन जल्द ही उसका भी समाधान खोज लिया जायेगा। एसडीओ ने कहा कि बाकी बचे राजस्व ग्रामों में तीस अप्रैल तक काम पूरा करने का निर्देश बीडीओ और समन्वयकों को दिया गया है। कई जगहों पर लाभुकों के बीच राशि के भुगतान में परेशानी की शिकायत भी मिली है, जिसे ठीक करने का निर्देश भी बीडीओ को दिया है।

बिहपुर में हुआ है अच्छा कार्य 

एसडीओ ने कहा कि बिहपुर प्रखंड क्षेत्र में अच्छा कार्य हुआ है। इस प्रखंड के छह राजस्व ग्राम में से पांच राजस्व ग्राम ओडिएफ घोषित किए जा चुके हैं। तीस अप्रैल तक बाकी बचे एक राजस्व ग्राम में भी कार्य पूरा कर लेने का निर्देश बीडीओ को दिया गया है। गोपालपुर प्रखंड में चार राजस्व ग्राम को ओडिएफ घोषित करना है। इनमें से दो राजस्व ग्राम को ओडिएफ घोषित किया जा चुका है। बाकी बचे दो राजस्व ग्राम में तीस अप्रैल तक काम पूरा करने को कहा गया है। नारायणपुर प्रखंड में पांच राजस्व ग्राम को ओडिएफ घोषित करना था। इनमें से तीन राजस्व ग्राम को ओडिएफ घोषित किया गया है। दो राजस्व ग्राम बैकठपुर दुधैला व शहजादपुर में काम चल रहा है। दोनों गांव दियारा क्षेत्र में है। यहां आवागमन की सुविधा नहीं है। इन गांवों में बना बनाया शौचालय सभी घर में शिफ्ट करने की योजना है। इसके लिए वरीय पदाधिकारी से अनुमति ली जाएगी।

क्या है नमामि गंगे योजना
नवगछिया अनुमंडल के गंगा नदी किनारे बसे गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने की योजना है। इसके लिए इन गांवों में शौचालय का निर्माण किया जाना है। ताकि शौच के लिए लोग गंगा किनारे न जाएं। इस योजना के तहत रंगरा चौक प्रखंड, खरीक, गोपालपुर, इस्माइलपुर, बिहपुर, नारायणपुर प्रखंड में गंगा किनारे बसे गांवों को चयनित किया गया है।