ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पर फैसला आज, उत्तरप्रदेश में कल

नई दिल्ली : पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के बाद गोवा, मणिपुर और पंजाब में सरकारें बन चुकी हैं। बाकी बचे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा की घड़ी नजदीक आ गई है। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के नाम पर जहां शुक्रवार को मुहर लगेगी, वहीं उत्तर प्रदेश में इसका फैसला शनिवार को होगा।
गोवा और मणिपुर में जहां भाजपा की सरकारें बनीं, वहीं पंजाब में गुरुवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार गठित हो गई।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में तीन-चौथाई से बहुमत पाने के पांच दिन बाद भी भाजपा मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा नहीं कर सकी है। अब मुख्यमंत्री चुनने के लिए उत्तराखंड में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शुक्रवार को देहरादून में तीन बजे बुलाई गई है। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र तोमर और सरोज पांडेय के अलावा प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू भी मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री बनने वाले नेता का नाम तो तय कर दिया है लेकिन इसकी घोषणा विधायक दल की बैठक के बाद ही होगी। मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार त्रिवेंद्र सिंह रावत दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर बृहस्पतिवार शाम देहरादून लौट आए। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भी अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दावे भी बदलते रहे। कभी पूर्व मंत्री व पार्टी के झारखंड प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत को दौड़ में अव्वल बताया गया तो कभी पूर्व मंत्री प्रकाश पंत को। वैसे सतपाल महाराज और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के नाम भी चलते रहे।