ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

प्रदेश भाजपा की बनी नई कार्यसमिति, युवाओं को मिली तरजीह

नव-बिहार समाचार, पटना। प्रदेश भाजपा की नई कार्यसमिति में सुशील कुमार मोदी और नंदकिशोर यादव का खेमा बिल्कुल किनारे हो गया। पुरानी कार्यसमिति के 80 फीसदी चेहरों की या तो छुट्टी हो गई है या उनको कमतर जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोजपा एमएलसी नूतन सिंह से दुर्व्यवहार के मामले में विवादों में आए विधान पार्षद लालबाबू प्रसाद का पत्ता साफ हो गया है। वे पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। गुरुवार की रात जारी पार्टी की नई प्रदेश कार्यसमिति की लिस्ट में लालबाबू का नाम नहीं था। उनको उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।

नई टीम बनाने में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव की खुलकर चली। टीम में 80 फीसदी नए चेहरों को रखा है। दोनों ने भविष्य की टीम तैयार करने के मकसद से युवाओं को अधिक तरजीह दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने गुरुवार को 249 सदस्यीय नई टीम की सूची जारी की। इसमें महिला, पिछड़ा व अति पिछड़ों पर जोर है। प्रदेश उपाध्यक्ष के पद से एमएलसी संजय मयूख को हटाकर कार्यसमिति का सदस्य बना दिया गया है। उन्हें जल्द राष्ट्रीय टीम में भेजने की चर्चा है।

राजीव रंजन व विश्वमोहन चौधरी को प्रवक्ता बनाया गया है। महामंत्री के चारों पदों पर नए लोगों को बैठाया गया। नागेंद्र जी को प्रदेश महामंत्री (संगठन) व शिव नारायण महतो प्रदेश व महामंत्री (संगठन) बनाए गए हंै। दिलीप जायसवाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष, राकेश तिवारी को प्रदेश सहकोषाध्यक्ष व अभय गिरी को संगठन मंत्री (कोसी) की जिम्मेदारी मिली। नई सूची से साफ पता चलता है कि खासकर मोदी व नंदकिशोर कैंप को सलीके से किनारे कर दिया गया है। लिस्ट, पार्टी की भविष्य की राजनीति और इसकी रणनीति भी प्रतिबिंबित करती है। इसमें युवाओं का बोलबाला है।

प्रदेश उपाध्यक्ष
- विनय सिंह, राजेंद्र गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, श्यामा सिंह, निवेदिता सिंह, संजय जायसवाल, राम नारायण मंडल, रवींद्र चरण यादव, शिवेश राम, गोपाल ठाकुर व देवेश कुमार।

प्रदेश महामंत्री
- राजेंद्र सिंह, राधामोहन शर्मा, प्रमोद चंद्रवंशी व सुशील चौधरी।

मंत्री
- अनिल सिंह, केके ऋषि, अर्जुन सहनी, रामलखन सिंह, ऋतुराज सिन्हा, रूप नारायण मेहता, डीएन मंडल, प्रवीण तांती, सजल झा, पिंकी कुशवाहा व अमृता भूषण।

प्रदेश प्रवक्ता
- राजीव रंजन, विश्वमोहन चौधरी, नवल किशोर यादव, संजय टाइगर, विजय सिन्हा, प्रेमरंजन पटेल, मो. अजफर शम्सी, नवीन कुमार सिंह व आनंद झा।