ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

यूपी में तीसरे चरण का प्रचार थमा, वोटिंग रविवार को

लखनऊ। सत्रहवीं विधानसभा के गठन के लिए तीसरे चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में चुनाव प्रचार का शोरगुल शुक्रवार शाम पांच बजे थम गया। तीसरे चरण में 12 जिलों की 69 सीटों पर रविवार को वोट डाले जाएंगे।

जिन 12 जिलों में तीसरे चरण में मतदान होना है उनमें लखनऊ, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई और बाराबंकी शामिल हैं।

826 प्रत्याशी मैदान में : तीसरे चरण के लिए कुल 1099 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया जिनमें से अब 826 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में सर्वाधिक 21 प्रत्याशी इटावा और सबसे कम तीन उम्मीदवार बाराबंकी की हैदरगढ़ सीट पर हैं। फर्रुखाबाद और भोजपुर सीटों पर 20-20, लखनऊ पश्चिम व लखनऊ मध्य क्षेत्रों में 17-17 प्रत्याशी मैदान में हैं।

पिछला चुनाव : पिछले विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण की 69 सीटों में से 55 समाजवादी पार्टी, छह बहुजन समाज पार्टी, पांच भारतीय जनता पार्टी, दो कांग्रेस और एक निर्दल प्रत्याशी ने जीती थी।

तय होगा इन दिग्गजों का भाग्य : शिवपाल सिंह यादव व शिव कुमार बेरिया, ग्राम्य विकास मंत्री अरविंद सिंह गोप, प्राविधिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) फरीद महफूज किदवई, कृषि राज्य मंत्री राजीव कुमार सिंह, संस्कृति मंत्री, अरुण कुमारी कोरी, पूर्व मंत्री सतीश महाना, विधान परिषद में भाजपा के नेता रहे ह्दय नारायण दीक्षित, कांग्रेस से भाजपा में आईं रीता बहुगुणा जोशी, सपा विधायक उदयराज यादव व नरेंद्र सिंह वर्मा। अपर्णा यादव की तकदीर का फैसला भी इसी चरण में होना है। 

सुरक्षा का खास इंतजाम : तीसरे चरण के चुनाव के लिए मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की 819 कंपनियां तैनात की जाएंगी। इनके अलावा सुरक्षा ड्यूटी में 5500 दारोगा, 3500 मुख्य आरक्षी और 52000 आरक्षी के अलावा होमगार्ड व चौकीदार भी लगाए जाएंगे।