ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया : महागठबंधन के गढ़ में भाजपा ने मारी सेंध


नवगछिया, भागलपुर( नवबिहार न्यूज नेटवर्क)। नवगछिया और भागलपुर में लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में हार के बाद पहली बार भाजपा के प्रतिनिधियों ने पंचायत चुनाव में विभिन्न पदों पर सफलता का परचम लहराया है। इसका ही परिणाम है कि महागठबंधन की मांद में भाजपा ने पहली बार सेंधमारी की है।
महागठबंधन का नवगछिया की दोनों विधानसभा सीटों पर कब्जा है और सांसद भी इसी क्षेत्र के हैं। यहां जिला परिषद की कुल नौ सीटों में भाजपा के अधिकांश पार्षद चुनाव जीते हैं। बुधवार को जिप अध्यक्ष बने टुनटुन साह को आठ पार्षद का समर्थन हासिल हुआ है। हालांकि जिनका समर्थन नहीं मिला वे भी भाजपा के कैडर हैं। व्यक्तिगत मजबूरी की वजह से एक का साथ टुनटुन साह को नहीं मिला। 2001 के बाद जिला परिषद का यह चौथा चुनाव था। पिछले दो चुनावों में जदयू के निलंबित विधायक गोपाल मंडल को जिप अध्यक्ष के लिए समर्थन मिला था। उनकी जाति के कई पार्षद उस समय चुनाव जीते थे। जिसके फलस्वरूप उनकी पत्नी जिला परिषद अध्यक्ष बनी थी।
इस बार के चुनाव में गोपाल मंडल के कई समर्थक सहित उनकी पत्नी सविता देवी भी हार गयी।  नवगछिया की राजनीति में सांसद बुलो मंडल व विधायक गोपाल मंडल को अलग रखने की कल्पना नहीं की जा सकती है। लेकिन इस बार के जिला परिषद चुनाव में स्थिति बदली हुई नजर आई। टुनटुन साह के नाम पर जिप सदस्यों ने एकजुटता का परिचय दिया। चाहे कारण जो भी रहा हो।
विधानसभा चुनाव हारने के बाद जदयू और राजद की अपेक्षा भाजपा ने ग्रास रूट पर अपनी मजबूती दर्ज की है। मुखिया, सरपंच और पंचायत समिति के भी कई पदों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत हुई है। इसे भाजपा यहां शुभ संकेत मान रही है।