आम आदमी पार्टी को आज फिर एक और बड़ा झटका लगा। ‘आप’ की पूर्व सदस्य शाजिया इल्मी के बाद अब आज आम आदमी पार्टी के विनोद कुमार बिन्नी भी बीजेपी में शामिल हो गए। बिन्नी दिल्ली की लक्ष्मी नगर विधानसभा सीट से ‘आप’ के विधायक थे।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी विनोद कुमार बिन्नी को ‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया के खिलाफ पटपड़गंज से उतार सकती है या फिर बिन्नी को लक्ष्मीनगर से अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। पिछले चुनाव में बिन्नी ने लक्ष्मीनगर से कांग्रेस के कद्दावर नेता किरण वालिया को भारी मतों से पराजित किया था।
इससे पहले बिन्नी शनिवार की शाम दिल्ली बीजेपी के दफ्तर पहुंचकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय से मुलाकात की थी। तभी ऐसा माने जाने लगा था कि शाजिया के बाद बिन्नी भी बीजेपी का दामन दाम लेंगे। बीजेपी में शामिल होने के बाद बिन्नी ने खुलकर कुछ नहीं बोला, लेकिन उन्होंने कहा कि अभी थोड़ा इंतजार करो, मैं जल्द की अपनी रणनीति का खुलासा करूंगा।
