ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

सावधान : मोबाइल धारकों का बैलेंस हो सकता है ब्लैंक


राजेश कानोडिया, नवगछिया। 
आप अगर मोबाइल धारक हैं तो रविवार को सावधान रहें। इस दिन आपका मोबाइल बैलेंस ब्लैंक भी हो सकता है। क्योंकि इस दिन मोबाइल का ब्लैक आउट डे है। यदि आपको एसएमएस करने की आदत है। या फिर इस दिन मनाए जाने वाले फ्रैंड्शिप डे पर अपने दोस्तों या परिचितों को लगातार एसएमएस किया तो धड़ाधड़ खाली हो जायेगा आपका मोबाइल बैलेंस। 
महंगी पड़ सकती है दोस्ती की मस्ती 
अगर इस रविवार को पड़ने वाले फ्रैंड्शिप डे पर आपने मोबाइल पर दोस्तों के साथ एसएमएस की मस्ती ली तो यह दोस्ती की मस्ती आपको महंगी पड़ सकती है। इस दिन को मोबाइल कंपनियों ने ब्लैक आउट डे घोषित कर रखा है। जिसकी सूचना मोबाइल कंपनियों द्वारा अपने ग्राहकों को एसएमएस द्वारा भेजी भी जा रही है। 
क्या है ब्लैक आउट डे 
किसी खास दिन को प्रतिबंधित किया जाना ही ब्लैक आउट डे कहलाता है। सभी मोबाइल कंपनियों ने अपने अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए कई तरह के एसएमएस पैक जारी कर रखे हैं। जिसका लाभ लेने वाले ग्राहकों के मेन बैलेंस से कंपनियों को कोई लेना देना नहीं होता है। लेकिन ब्लैक आउट डे के दिन कंपनियों द्वारा यह सुविधा ग्राहकों के लिए प्रतिबंधित कर दी जाती है। इस दिन सारी सामान्य दरें लागू कर दी जाती हैं। 
कब कब होता है ब्लैक आउट डे 
मोबाइल कंपनियों द्वारा सर्वाधिक एसएमएस किए जाने वाले दिन को ब्लैक आउट डे घोषित किया गया है। जैसे- नव वर्ष दिवस, गणतन्त्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस, मित्रता दिवस, क्रिसमस दिवस, वेलेंटाइन दिवस, साल का अंतिम दिन के अलावा होली, दिवाली को होता है ब्लैक आउट डे। 
क्या होगी दर 
पहले से चल रही विशेष छुट वाली दरें इस दिन प्रतिबंधित हो जाती हैं। इस दिन सभी मोबाइल कंपनियाँ अपनी सामान्य दरें लागू कर देती हैं। इस रविवार के दिन एयरटेल द्वारा लोकल एसएमएस करने पर एक रुपया प्रति एसएमएस, एसटीडी यानि अपने राज्य से बाहर करने पर एक रुपया पचास पैसे प्रति एसएमएस तथा आईएसडी यानि विदेश करने पर पाँच रुपये प्रति एसएमएस की दर से मेन बैलेंस में से चार्ज काटने की जानकारी दी गयी है।