ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आजादी का 68वां स्वाधीनता दिवस आज, लाल किले से PM मोदी का पहला भाषण

आजादी का 68वां स्वाधीनता दिवस कल, लाल किले से PM मोदी का पहला भाषण

नई दिल्ली: देश शुक्रवार को अपना 68वां स्वाधीनता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस का अपना प्रथम भाषण देंगे, जो परंपराओं से हटते हुए पहले से लिखा हुआ नहीं होगा। इसमें उनके द्वारा अपने कार्यकाल के लिए अपनी दूरदृष्टि और एजेंडा का जिक्र किए जाने की उम्मीद है। सरकार में मौजूद सूत्रों ने बताया कि भाषण में जिक्र किए जाने वाले विषय ‘प्वाइंट’ के रूप में मोदी के पास होंगे, जिसके आधार पर वह अपना भाषण देंगे। उनके भाषण को लिखित रूप देने का काम अनुवादकों के साथ प्रेस सूचना ब्यूरो के अधिकारियों की एक बड़ी टीम करेगी। गौरतलब है कि परंपरागत रूप से प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र को संबोधित करने के दौरान पहले से लिखे हुए भाषण को पढ़ा करते हैं। हालांकि, मोदी पहले से नहीं लिखा हुआ भाषण देने के लिए जाने जाते हैं।
राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जमीन से आसमान तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं और खासतौर पर लाल किला और आसपास के इलाकों में कड़ी चौकसी रखी जा रही है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरंगा फहराएंगे और इस मौके पर देश को पहला संबोधन देंगे। प्रधानमंत्री को अनेक आतंकवादी संगठनों से सुरक्षा संबंधी खतरे के मद्देनजर इस बार सुरक्षा और कड़ी की गयी है। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 10,000 सुरक्षाकर्मी किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए गिद्ध दृष्टि से निगरानी रखेंगे। स्थानीय पुलिस के करीब 5,000 जवानों के अलावा पुलिस के विशेष और सुरक्षा प्रकोष्ठों को भी सुरक्षा इंतजाम में लगाया जाएगा वहीं यातायात पुलिस वाहनों की सुगम आवाजाही की जिम्मेदारी संभालेगी।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘एक पुख्ता सुरक्षा योजना तैयार की गयी है और हम किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। आम जनता से सहयोग करने का अनुरोध है।’ अधिकारियों ने कहा कि 17वीं सदी के मुगलकालीन किले के पास उंची इमारतों पर एनएसजी के शार्पशूटर तैनात रहेंगे। अधिकारी ने बताया, ‘शहर में और सीमावर्ती क्षेत्रों में बैरिकेड और जांच पड़ताल बढ़ा दी गयी है। पड़ोसी राज्यों से आने वाले सभी निजी और व्यावसायिक वाहनों की विशेष जांच की जा रही है।’ लाल किला परिसर में आम जनता के लिए करीब 10,000 सीटों की व्यवस्था की गयी है और इस बार सुरक्षा एजेंसियों के लिए काम और अधिक बढ़ गया है।
अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां लगातार लाल किले पर बंदोबस्त की समीक्षा कर रही हैं और ऐसे ‘सुरक्षित ठिकानों’ पर खास ध्यान केंद्रित कर रखा है जहां जरूरत पड़ने पर प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं को ले जाया जा सकता है। दर्शकों को कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल फोन, कैमरे, दूरबीन, हैंडबैग, ब्रीफकेस, सिगरेट लाइटर, ट्रांजिस्टर, लंच बॉक्स, पानी की बोतलें आदि ले जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस ने बताया कि त्वरित प्रतिक्रिया दल, बम खोजी दस्ते, खोजी कुत्तों के दस्ते, स्वात और वज्र वाहन को महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया जाएगा। हेलीकॉप्टरों से आसमान में गश्त की जाएगी वहीं लाल किले के आसपास वायु रक्षा प्रणाली लागू रहेगी। प्रधानमंत्री के काफिले के रास्ते पर और राजघाट के आसपास कड़ी सुरक्षा रहेगी। मोदी सुबह जल्दी राजघाट में महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
पुलिस ने लाल किले के आसपास के इलाकों में करीब 200 सीसीटीवी कैमरे लगाये हैं वहीं कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर करीब 500 ऐसे कैमरे लगाये गये हैं। लाल किले में एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष बनाया गया है जहां से वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखेंगे।  सुबह लाल किले के आसपास के रास्तों से उन्हीं वाहनों को गुजरने दिया जाएगा जिनके पास पार्किंग स्टीकर होगा। बाजारों, रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों के अलावा दिल्ली मेट्रो और आईजीआई हवाईअड्डे पर सीआईएसएफ और दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
अपने भाषण में प्रधानमंत्री द्वारा अपनी दूरदृष्टि का जिक्र और अपने कार्यकाल के दौरान लागू किए जाने वाले कार्यक्रमों और नीतियों का एजेंडा बयां किये जाने की उम्मीद है । विदेश नीति से जुड़े मुद्दे पर उनके बोलने की उम्मीद है। मोदी द्वारा एक महात्वाकांक्षी वित्तीय समावेश योजना पेश करने की उम्मीद है जो 15 करोड़ लोगों को बैंक खाता मुहैया करेगा, जिसमें 5,000 रूपये की ओवरड्राफ्ट सुविधा होगी और एक लाख रूपये की दुर्घटना बीमा होगी। सूत्रों ने बताया कि दो चरणों वाले वित्तीय समावेश मिशन का मोदी यहां इस महीने के आखिर में शुभारंभ करेंगे। इसे केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि सरकार इस योजना को देश भर में 28 और 29 अगस्त को संचालित करने के लिए तैयारी कर रही है।