बिहार के पूर्व राज्य मंत्री बाबू मदन प्रसाद सिंह को याद करते हुए शनिवार को सैकड़ों लोगों तथा अरविंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल के सैकड़ों छात्रों व शिक्षकों द्वारा उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी । यह मौका था उनकी पांचवीं पुण्य तिथि का। जिसे मुख्य रूप से नवगछिया स्थित स्व0 बाबू मदन प्रसाद सिंह के हरनाथचक स्थित निवास स्थल पर मनाया गया। जहां अमरेन्द्र सिंह मुन्ना, बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह, शंकर सिंह अशोक, जितेंद्र प्रसाद सिंह, हाजी सोयेब आलम, राज कुमार प्रसाद, चरित्र प्रसाद सिंह, सजन शर्मा, इत्यादि दर्जनों प्रमुख लोगों की मौजूदगी देखी गयी।
इस मौके पर जहां उनके पुत्र अमरेन्द्र कुमार सिंह मुन्ना ने बताया कि मदन प्रसाद सिंह बिहार सरकार में लगातार 19 वर्षों तक मंत्री के पद पर रहे थे। इस दौरान वे पशुपालन, कारा, कृषि, ग्रामीण विकास, ईख, मतस्य तथा राजस्व इत्यादि विभाग के मंत्री पद पर गरिमामय कार्यों को संपादित किया। वहीं शंकर सिंह अशोक ने कहा कि जिनका संपर्क कांग्रेस के प्रमुख नेता सीताराम केशरी के अलावा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा और विंदेश्वरी प्रसाद दुबे से काफी अच्छा रहा था। इसी दौरान उन्होने नवगछिया को अनुमंडल का दर्जा दिलाया। इसके अलावा अनुमंडलीय अस्पताल तथा उपकारा की स्थापना करायी। साथ ही इस इलाके में मदन अहल्या महिला महाविद्यालय की स्थापना करायी। जितेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मदन बाबू 1961 से ही सक्रिय राजनीति में रहे थे। जिनका निधन 26 जुलाई 2009 को हो गया था। 
वहीं कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शीतल प्रसाद सिंह निषाद ने भी अपने हरनाथचक स्थित आवास पर उनकी पुण्यतिथि मनायी। इस मौके पर शीतल प्रसाद सिंह निषाद, पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी शीला देवी निषाद, युवा नेता अशोक कुमार सिंह निषाद सहित कई लोगों ने उन्हें याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही बच्चों के बीच टॉफियाँ वितरित की।