ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आम बजट लाइव : इनकम टैक्स की छूट सीमा 2 लाख से बढ़कर 2.5 लाख हुई


लाइव कवरेज
01.19 बजेजेटली ने 2014-15 का वित्त विधेयक पेश किया।
01.18 बजे
वित्त मंत्री ने अपना बजट भाषण पूरा किया।
 01.02 बजे
जेटली ने कहा कि साबुन बनाने में काम आने वाले कुछ रसायनों पर कस्टम ड्यूटी समाप्त की। इन पर पहले 7.5 प्रतिशत कस्टम ड्यूटी लगती थी।
01.00 बजे
जेटली ने कहा कि पर्सनल कंप्यूटर में काम आने वाले उपकरणों के आयात पर 4 प्रतिशत स्पेशल एडिशनल ड्यूटी खत्म, कलर पिक्चर ट्यूब पर भी आयात शुल्क समाप्त।
 12.58 बजे
जेटली ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण मशीनरी पर उत्पाद शुल्क 10 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव।
 12.56 बजे
जेटली ने कहा कि एलईडी, एलसीडी, रत्न और जूते सस्ते होंगे।
 12.54 बजेजेटली ने कहा कि रेडीमेट कपड़े और आयातित सौंदर्य प्रसाधन महंगे।
 12.53 बजे
जेटली ने कहा कि सिगरेट, सिगार और पान मसाला महंगा होगा।
 12.51 बजे
जेटली ने कहा कि कोल्ड ड्रिंग और डिब्बा बंद फू्रट जूस महंगे होंगे, मोबाइल फोन सस्ते होंगे।
 12.50 बजे
जेटली ने कहा कि सेवा कर का दायरा बढ़ाया गया, रेडियो टैक्सी की सेवाएं, इंटरनेट पर विज्ञापन भी सेवा कर के दायरे में।
 12.48 बजे
जेटली ने कहा कि दवाइयां और स्टील का सामान सस्ता होगा।
 12.47 बजेजेटली ने कहा कि अप्रत्यक्ष कर प्रस्ताव से 7525 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय।
 12.46 बजे
आवास ऋण के 2 लाख रुपये तक के ब्याज पर कर छूट। फिलहाल यह सीमा 1.5 लाख है।
 12.45 बजे
राजस्व घाटा 2.9 प्रतिशत रहने का अनुमान।
12.44 बजे
जेटली ने कहा कि वित्त वर्ष 2014-15 में योजना व्यय 5,75000 करोड़ रुपये, 26 प्रतिशत वृद्धि के साथ।
12.43 बजेजेटली ने कहा कि 2.5 लाख तक की सालाना आय करमुक्त, वरिष्ठ नागरिकों की 3 लाख रुपये तक की आय करमुक्त।
12.42 बजे
जेटली ने कहा कि विभिन्न योजनाओं में अब 1.5 लाख रुपये तक के निवेश पर कर में रियायत मिलेगी, अभी यह सीमा 1 लाख रुपये है।
12.40 बजे
जेटली ने कहा कि विनिर्माण कंपनियों को निवेश में कर में छूट।
12.38 बजे
जेटली ने कहा कि बिजली उत्पादन, ट्रांसमिशन कंपनियों को 10 साल का कर अवकाश।
 12.37 बजे
जेटली ने कहा कि देश के अलग अलग हिस्सों में राष्ट्रीय खेल अकादमियां बनाई जाएंगी, जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पोर्ट्स सुविधाओं के लिए 200 करोड़ रुपये। एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के प्रशिक्षण के लिए 100 करोड़ रुपये। मणिपुर में खेल विश्वविद्यालय। जेटली ने कहा कि विस्थापित कश्मीरियों के लिए 500 करोड़ रुपये।
12.36 बजे
जेटली ने कहा कि सरहदी इलाकों में रेल लाइनों के लिए 1000 करोड़ रुपये।
12.35 बजे
जेटली ने कहा कि उत्तराखंड में बनाया जाएगा हिमालयी अध्ययन केंद्र।
12.34 बजे
जेटली ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में अरण प्रभा नाम से नया भाषाई चैनल।
12.33 बजे
दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाने के लिए पानी और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए 700 करोड़ रुपये का प्रस्ताव।
 12.32 बजेदिल्ली स्थित प्रिंसेस पार्क में युद्ध स्मारक बनाने के लिए 100 करोड़ रुपये। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक भी बनाने की योजना।
12.31 बजे
नदियों को जोड़ने की योजना की विस्तत परियोजना रिपोर्ट के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान।
12.29 बजे
हरिद्वार, बद्रीनाथ, केदारनाथ, कानपुर, दिल्ली और इलाहाबाद में घाटों और नदी सौंदर्यीकरण के लिए मौजूदा वित्त वर्ष में 100 करोड़ रुपये।
 12.27 बजे
जेटली ने कहा कि पीपीएफ खाते में साल भर में डेढ़ लाख रुपये तक जमा कर सकते हैं।
12.26 बजे
जेटली ने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन के लिए 1000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव।
12.24 बजे
जेटली ने कहा कि हर परिवार के कम से कम एक सदस्य का बैंक खाता खुलवाने का प्रस्ताव।
12.23 बजे
जेटली ने कहा कि रक्षा क्षेत्र के लिए पूंजीगत बजट में 5000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान।
12.22 बजे
जेटली ने कहा कि समुद्री पुलिस स्टेशन खोले जाएंगे।
  12.20 बजे
जेटली ने कहा कि ऋण की वसूली ना होना चिंता का विषय, छह नए रिकवरी अधिकरण बनाए जाएंगे।
 12.18 बजे
चिटफंड कंपनियों पर कानूनी शिकंजा कड़ा किया जाएगा: जेटली।
 12.15 बजे
अत्याधुनिक सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 400 करोड़ रुपये, अत्याधुनिक ताप विद्युत प्रौद्योगिकी की तैयारी के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव।
12.13 बजे
कृषि भंडारण के लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रस्ताव।
12.11 बजे
इलाहाबाद से हल्दिया तक गंगा के जलमार्ग में नौवहन के लिए 4200 करोड़ रुपये।
12.10 बजेजेटली ने कहा कि किसानों को मौसम की सटीक जानकारी देने के लिए 100 करोड़ रुपये से योजना की शुरुआत।
12.07 बजे
जेटली ने कहा कि इलाहाबाद से हल्दिया तक गंगा के जलमार्ग में नौवहन के लिए 4200 करोड़ रुपये।

12.05 बजे
जेटली ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों और सड़कों के लिए 37850 करोड़ रुपये, जिसमें 3000 करोड़ रुपये पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए: जेटली।
12.00 बजे
2014-15 में 8 लाख करोड़ रुपये का कृषि ऋण देने का लक्ष्य और किसान टेलीविजन के लिए 100 करोड़ रुपये :जेटली।
सुबह 11.58 बजेबजट में बीमा क्षेत्र के लिए एफआईपीबी रूट से 49 प्रतिशत एफडीआई का प्रस्ताव: जेटली।
सुबह 11.55 बजेसमय पर कृषि ऋण लौटाने वालों को 3 प्रतिशत की ब्याज छूट इस साल भी जारी रहेगी: वित्त मंत्री।
सुबह 11.53 बजे
जेटली ने कहा कि महंगाई रोकने के लिए 500 करोड़ रुपये का बाजार स्थिरीकरण कोष।
सुबह 11.52 बजेजेटली ने कहा कि निजी और किसान कृषि मंडियों को राज्य सरकारों के साथ मिलकर प्रोत्साहन देगी केंद्र सरकार।
सुबह 11.50 बजे
ब्रेक के बाद बैठकर भाषण दे रहे हैं अरुण जेटली।
 सुबह 11.45 बजेजेटली ने कहा कि वित्त मंत्री ने पांच मिनट का ब्रेक मांगा। पांच मिनट बाद फिर शुरू करेंगे भाषण। जेटली की तबीयत खराब होने की खबर।
सुबह 11.42 बजेजेटली ने कहा कि देश में पांच नए आईआईटी और पांच नए आईआईएम संस्थान खोलने का प्रस्ताव।
सुबह 11.37 बजे जेटली ने कहा कि लखनऊ और अहमदाबाद में मेट्रो परियोजनाओं के लिए 100 करोड़ रुपये।
सुबह 11.41 बजे
जेटली ने कहा कि बड़े नगरों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए गृह मंत्रालय 150 करोड़ रुपये देगा।
सुबह 11.40 बजे
जेटली ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की शुरुआत।
सुबह 11.39 बजे
जेटली ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए करीब 14500 करोड़ रुपये।
सुबह 11.38 बजे
जेटली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमों के लिए 100 करोड़ रुपये।
सुबह 11.37 बजे
जेटली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवासों के लिहाज से राष्ट्रीय आवास बैंक कार्यक्रम के लिए 8000 करोड़ रुपये।
सुबह 11.36 बजे
जेटली ने कहा कि पानी में आर्सेनिक की उपस्थिति वाले प्रभावित क्षेत्रों के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना के लिए 3600 करोड़।
सुबह 11.35 बजे
जेटली ने कहा कि आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र के विदर्भ और पूर्वांचल में चार नए एम्स संस्थानों को खोलने पर विचार।
सुबह 11.34 बजेजेटली ने कहा कि खाद और पेट्रोलियम सब्सिडी की समीक्षा होगी।
 सुबह 11.33 बजे
जेटली ने कहा कि 100 करोड़ रुपये के साथ आदिवासियों के लिए वनबंधु कल्याण योजना।
सुबह 11.32 बजे
जेटली ने कहा कि दीनदयाल ग्रामीण ज्योति योजना के तहत बिजली उपलब्ध कराने के लिए 500 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत होगी।
सुबह 11.31 बजेजेटली ने कहा कि ईपीएफ योजना के तहत श्रमिकों के लिए न्यूनतम 1000 रुपये की पेंशन।
सुबह 11.30 बजे
जेटली ने कहा कि बीमा क्षेत्र में एफडीआई 26 से बढ़ाकर 49 प्रतिशत किए जाने का प्रस्ताव।
सुबह 11.29 बजे
जेटली ने कहा कि सरदार पटेल की प्रतिमा के लिए 200 करोड़ रुपये।
सुबह 11.28 बजे
जेटली ने कहा कि संस्थान बदलने पर भी कर्मचारियों का ईपीएफ खाता नंबर समान ही रहेगा।
सुबह 11.27 बजे
जेटली ने कहा कि दृष्टिबाधितों के लिए कम से कम 15 ब्रेल लिपि प्रेस स्थापित करने में राज्य सरकारों को सहायता दी जाएगी।
सुबह 11.26 बजे
ईन-वीजा की शुरुआत नौ हवाईअड्डों पर चरणबद्ध तरीके से होगी:जेटली।
सुबह 11.25 बजे
बैंकों में सरकार द्वारा अपनी मेजोरिटी बनाए रखने के साथ जनता को शेयर बेचे जाएंगे और उनकी स्वायत्तता बढ़ाई जाएगी:जेटली।
सुबह 11.20 बजे
जेटली ने कहा कि किफायती आवास निर्माण को प्रोत्साहन।
सुबह 11.16 बजे
जेटली ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में मंजूरी की शर्त के साथ 49 प्रतिशत तक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का प्रस्ताव।
सुबह 11.14 बजे
जेटली ने कहा कि मोदी के पहले बजट में 7060 करोड़ रुपये नए शहरों के लिए।
सुबह 11.13 बजे
जेटली ने कहा कि 2019 तक स्वच्छ भारत अभियान के तहत सभी घरों में शौचालय सुविधा।
सुबह 11.12 बजे
जेटली ने कहा कि 1,000 करोड़ रुपये से प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की शुरुआत:वित्त मंत्री।
सुबह 11.10 बजे
उन्होंने कहा कि दलितों-आदिवासियों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करेंगे 2014-15 में वित्तीय घाटा कम करके 3 प्रतिशत पर लाएंगे। करों का पिछले प्रभाव से संशोधन नहीं किया जाएगा, कर प्रणाली भरोसेमंद होगी। घरेलू कंपनियों को भी एडवांस टैक्स रूलिंग की सुविधा देने का प्रस्ताव। निवेशकों के अनुकूल कर प्रणाली लांएगे।
सुबह 11.05 बजे
उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में 4.1 प्रतिशत राजकोषीय घाटे का लक्ष्य कठिन, लेकिन मैंने इसे चुनौती के तौर पर स्वीकार किया है। कालाधन देश की अर्थव्यवस्था के लिए अभिशाप है, इसे खत्म करने के लिए हमें कड़े कदम उठाने होंगे। लोक व्यय प्रबंध आयोग का गठन किया जाएगा।
सुबह 11.00 बजेवित्त मंत्री अरुण जेटली ने लोकसभा में नरेंद्र मोदी सरकार का पहला आम बजट पेश करना शुरू किया। उन्होंने कहा कि दो साल वृद्धि दर 5 प्रतिशत से कम रहने के कारण हमारी चुनौतियां बढ़ी हैं। कई उभरती अर्थव्यवस्थाएं लगातार मंदी से प्रभावित हैं। बजट के मेरे अनुमान लंबे समय तक 7-8 प्रतिशत वृद्धि की यात्रा की शुरुआत के हैं। गरीबी उन्मूलन के कार्यक्रमों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित रहेगा।
सुबह 10.20 बजे
संसद में कैबिनेट की बैठक खत्म। कैबिनेट ने आम बजट 2014 को मंजूरी दी।
सुबह 10 बजे
वित्त मंत्री अरुण जेटली पार्लियामेंट के लिए निकले।

कर रियायतों की उम्मीदों और आर्थिक विकास की नई तस्वीर के साथ वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बजट पेश करेंगे। उनके साथ उम्मीदों का कारवां है- मध्यवर्ग से लेकर निवेशकों और आर्थिक विकास के पैरोकारों का।
जेटली के समक्ष खास कर मध्यम वर्ग को कर रियायतें देकर उनकी परेशानी कम करने और निवेश में इजाफा करके आर्थिक वृद्धि को गति देने की महती चुनौती है। जेटली को राजकोषीय स्थिति को मजबूत रखने की भी बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। अब वृहस्पतिवार को ही साफ हो पाएगा कि तमाम चुनौतियों का सामना करने के लिए वह किस तरह की नीति और रणनीति अपनाते हैं।
गौरतलब है कि आर्थिक वृद्धि दर में गिरावट, स्थिर पड़े निवेश, ऊंचे राजकोषीय घाटे व बाहरी (तेल) संकट के बीच भाजपा नीत सरकार महंगाई से त्रस्त आम आदमी को राहत देने के वादे के साथ सत्ता में आई है। सरकार से कर स्लैब ऊंचा करने एवं कर छूट की वार्षिक आय सीमा बढ़ाने की बहुत उम्मीदें हैं और यदि सरकार इस मोर्चे पर कदम उठाती है तो वेतनभोगी वर्ग को जरूरी राहत मिलेगी।
निवेश बढ़ाने के लिए जेटली उद्योग के लिए कर प्रोत्साहन की घोषणा कर सकते हैं। बजट आने से पहले ही सरकार वाहन एवं टिकाऊ उपभोक्ता सामान क्षेत्रों के लिए शुत्पाद शुल्क में रियायत की मियाद दिसंबर तक के लिए बढ़ा चुकी है।
वित्त मंत्री द्वारा सोने के आयात पर शुल्क में कमी किए जाने की भी संभावना है। बढ़ते चालू खाते के घाटे पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने पिछले साल सोने के आयात पर शुल्क बढ़ा दिया था। जेटली कमजोर मानसून के असर से किसानों को बचाने के लिए उन्हें भी राहत प्रदान कर सकते हैं। जैसा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था, सरकार मूल्य स्थिरीकरण कोष स्थापित कर सकती है।
भले ही जेटली खाटी अर्थशास्त्री न हों, वह राजकोषीय स्थिति मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे और लोक-लुभावन योजनाओं पर राजकोष की बलि नहीं चढ़ाएंगे। वह पहले ही इसका संकेत दे चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि यदि आप लोकलुभावन योजनाओं में लिप्त होते हैं तो इसका बोझ सरकारी खजाने पर पड़ेगा। इसलिए, आपको राजकोषीय स्थिति मजबूत करने का मार्ग अपनाना होगा।
इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में संकेत दिया कि बजट में कुछ सख्त कदम उठाए जाएंगे। मोदी ने कहा था कि मैं इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हूं कि मेरे कुछ कदमों से लोगों का दिल टूट सकता हैं। लेकिन जब मेरे देशवासी इस बात का एहसास करेंगे कि इन कदमों से देश की वित्तीय स्थिति फिर से सुधरेगी तो उनके दिलों में फिर से मेरे लिए प्यार जागेगा।
यदि ये सख्त उपाय नहीं किए गए तो वित्तीय स्थिति नहीं सुधरेगी। हमें जहां भी जरूरत पड़ेगी, हम कार्रवाई करेंगे। बजट में सिगरेट आदि पर उत्पाद शुल्क बढ़ाए जाने की संभावना है। साथ ही सालाना 10 लाख रुपये से अधिक की आय कर रहे लोगों पर अधिक कर लगाया जा सकता है।
आर्थिक समीक्षा से सेंसेक्स लुढ़का
बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स बुधवार को 137 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। आर्थिक समीक्षा में जतायी गयी चिंता तथा नरेंद्र मोदी सरकार के गुरुवार को पेश होने वाले बजट से उम्मीद घटने से बाजार में गिरावट दर्ज की गयी।
वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोर रुख से भी धारणा प्रभावित हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स मजबूती के साथ खुला और 25,683.97 अंक तक चला गया। हालांकि आईटी, वाहन, बिजली, रीयल्टी तथा पूंजीगत वस्तुओं में मुनाफावसूली से सूचकांक एक समय दिन के निम्नतम स्तर 25,364.77 अंक तक चला गया।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स अंत में 137.30 अंक या 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,444.81 अंक पर बंद हुआ। तीस जून के बाद यह निम्नतम स्तर है। सेंसेक्स में कल 518 अंक की गिरावट दर्ज की गयी थी।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 38.20 अंक या 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,585.0 अंक पर बंद हुआ। 27 जून के बाद यह निम्नतम स्तर है। कारोबार के दौरान निफ्टी 7,650.10 से 7,551.65 अंक के दायरे में रहा।
वाहन, बिजली, रीयल्टी, औषधि, पूंजीगत वस्तुओं तथा आईटी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी जबकि रिफाइनरी, उपभोक्ता टिकाऊ तथा रोजमर्रा के उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों में अच्छी लिवाली हुई।
बोनांजा पोर्टफोलियो लि़ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश गोयल ने कहा कि रेल बजट से थोड़ी निराशा के बाद निवेशकों की कल के बजट में सुधारों को मजबूती से आगे बढ़ाने को लेकर उम्मीदें कम हुई हैं।