ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

स्वास्थ्य : कैंसर से बचाव के लिये लड़कियां लगवाये वैक्सीन


लड़कियों में होने वाली कॉमन बीमारी और स्तन व सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर बुधवार को भागलपुर के एसएम कॉलेज में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। आइएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के हेल्थ वीक कार्यक्रम के दूसरे दिन स्वास्थ्य जागरूकता पर चिकित्सकों ने लंबी बातचीत की। इस दौरान लड़कियों को कई चिकित्सा सलाह दी गई। साथ ही उनसे सवाल भी पूछे। तीन छात्रओं को पुरस्कृत भी किया गया।
सर्वाइकल कैंसर पर सुझाव देते हुए डॉ. लीना नायर लाल ने कहा, लड़कियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए शादी से पहले ही वैक्सीन लगवाना चाहिए। इस तरह के वैक्सीन उपलब्ध हैं। नौ से 26 उम्र तक की लड़कियां यह टीका लगवा सकती हैं। इस बीमारी की शुरुआती लक्षण दिखते ही तुरंत जांच व इलाज कराना चाहिए। ताकि समय रहते इस बीमारी से बचा जा सके। डॉ. रोमा यादव ने लड़कियों में होने वाली कॉमन बीमारी यानी मासिक गड़बड़ी के बारे में बताया। उन्होंने खानापान में परहेज करने और घी, तेल के सेवन से बचने को कहा। साथ ही सुबह की सैर करने की सलाह दी। 
डॉ. राजेश गोस्वामी व डॉ. एसएन झा ने स्तन कैंसर से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने आइना के सामने खड़े होकर समय-समय पर अपने स्तन की जांच करने की सलाह दी। गांठ का अनुभव होने पर उचित जांच व इलाज कराने को कहा। डॉ. मनिका रानी ने लड़कियों को एड्स के बारे में बताया। उन्होंने सुरक्षित सैक्स करने की सलाह दी। साथ ही संक्रमित ब्लड चढ़ाने से बचने को कहा। 
इनके अलावा आइएमए अध्यक्ष डॉ. डीपी सिंह, सचिव डॉ. जेपी सिन्हा, डॉ. आरपी जायसवाल, डॉ. मृदुला ने भी लड़कियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। मंच का संचालन डॉ. अर्चना ने और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मृत्युंजय कुमार ने किया।