ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

देश में मोदी की नहीं, भाजपा की लहर : मुरली मनोहर जोशी


भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि देश में मोदी की नहीं, बल्कि भाजपा की लहर है।
भाजपा की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष जोशी ने साथ ही यह भी कहा कि मोदी द्वारा पेश किया गया विकास के गुजरात मॉडल को सभी राज्यों पर लागू नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि वह किसी एक राज्य के मॉडल को सभी राज्यों पर लागू करने के पक्ष में नहीं।
मोदी के लिए वाराणसी संसदीय सीट छोड़ने वाले जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री पद के उनके उम्मीदवार शीर्ष पद के लिए मात्र पार्टी के एक ‘प्रतिनिधि’ हैं और उन्हें पूरे देश और भाजपा नेताओं का समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने कहा, मोदी प्रधानमंत्री पद के एक उम्मीदवार के रूप में पार्टी के एक प्रतिनिधि हैं..इसलिए यह एक अत्यंत व्यक्तिगत बात (लहर) नहीं है। यह एक प्रतिनिधित्व की लहर है। जोशी ने ‘मनोरमा न्यूज’ से कहा कि उन्हें देश के विभिन्न हिस्से, समाज के सभी वर्गों और भाजपा के सभी नेताओं से समर्थन मिलता है। जोशी की इस विवादास्पद टिप्पणी से पार्टी के भीतर नाराजगी उत्पन्न हो सकती है।
जोशी ने इसके साथ ही जसवंत सिंह के मुद्दे पर भी त्योरियां चढ़ाई और कहा कि निष्कासित वरिष्ठ नेता को पार्टी टिकट नहीं देने का निर्णय पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति में नहीं लिया गया, जिसके वह सदस्य हैं बल्कि यह निर्णय पार्टी अध्यक्ष और राजस्थान की मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। उन्होंने कहा, यह पीठ पीछे लिया गया निर्णय नहीं है। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद से प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह जोशी की टिप्पणियां देखने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया जताएंगे।
जोशी ने उस विकास के मॉडल पर बात की जिसे भाजपा नीत राजग सरकार सत्ता में आने पर आगे बढ़ाने की इच्छा रखती है और कहा कि वह किसी एक विशेष राज्य के मॉडल का पक्ष नहीं लेते बल्कि वह विभिन्न राज्यों के विकास के अच्छे बिंदुओं को लेना चाहेंगे।
उन्होंने कहा, यह भाजपा द्वारा पेश विकास का मॉडल है। भारत जैसे देश में विकास का जो मॉडल जम्मू कश्मीर या अरूणाचल प्रदेश के लिए सही है, हो सकता है कि वह केरल के लिए सही ना हो। उन्होंने कहा, इसलिए यह मॉडल या वह मॉडल कहना ठीक नहीं। इसमें कुछ अच्छे बिंदु हो सकते हैं, इसमें त्रिपुरा सरकार के भी कुछ अच्छे बिंदु हो सकते हैं यह कोई तय फार्मूला का विशेष मॉडल नहीं।