भागलपुर के विधायक सह बक्सर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अश्विनी चौबे शुक्रवार को आचार संहिता के उल्लंघन की चपेट में आ गए। बक्सर के जिलाधिकारी रमण कुमार के निर्देश पर चौबे के एक वाहन को जब्त कर लिया गया। उनके खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
वाकये के वक्त अश्विनी चौबे दो अप्रैल को नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित सभा के लिए हवाई अड्डा मैदान का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के क्रम में ही एसडीओ अवधेश आनंद की नजर भाजपा प्रत्याशी की माइक व स्पीकर लगी एक गाड़ी पर पड़ी। वे इसकी अनुमति के कागजात देखना चाह रहे थे। इस बीच चौबे वहां पहुंच गए। नियम-कायदे को लेकर दोनों के बीच थोड़ी नोंक-झोंक भी हुई। कुछ दूर पर खड़े जिलाधिकारी की नजर उनलोगों पर पड़ी। उन्होंने एसडीओ को अपने पास बुलाकर मामले की जानकारी ली। इसके बाद उनके निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने वाहन जब्त कर लिया। चौबे गाड़ी से कुछ जरूरी सामान निकालना चाह रहे थे, लेकिन अनुमति नहीं मिली।