ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

अमित राणा, शकुनी चौधरी, विजेंद्र चौधरी और अबु कैसर जदयू में शामिल


शकुनी चौधरी और विजेंद्र चौधरी सहित राजद के कई कद्दावर नेता बुधवार को जदयू में शामिल हो गए। चारा घोटाले में सजा काट रहे राजद नेता आरके राणा के पुत्र अमित राणा, अबु कैसर, गणेश पासवान एवं सुरेश मेहता भी इनमें शामिल हैं। शकुनी ने लालू प्रसाद पर राजद को 'पत्‍‌नी-बेटी की पार्टी' बना देने का आरोप लगाया, और राजद विधायक दल नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी को 'मीर जाफर' करार दिया। उन्होंने कहा कि सिद्दीकी ही ने 13 राजद विधायकों के पार्टी से अलग होने के लिए हस्ताक्षर लिए और उसे विधानसभा अध्यक्ष के पास भेजा। अपने टिकट के लिए सिद्दीकी ने खुद को ही बेच डाला।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष इन नेताओं ने एक अणे मार्ग में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और फिर जदयू के प्रदेश कार्यालय आए जहां प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह सहित कई नेताओं ने इनका स्वागत किया।
सात बार विधायक, एक बार सांसद रह चुके शकुनी चौधरी राजद कार्यकाल में मंत्री भी थे। विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने भागलपुर से ऐसे व्यक्ति(बुलो मंडल) को टिकट दिया है, जिसने मेरे साथ गद्दारी की है। पिछले चुनाव में शाहनवाज हुसैन से पैसे लेकर मेरे खिलाफ काम किया। हम लोग बुरे वक्त में लालू प्रसाद के साथ रहे हैं। लेकिन जब टिकट बांटने का मौका आता है तो पार्टी का कम, परिवार का अधिक ख्याल रखते हैं। अबु कैसर ने लालू प्रसाद पर नरेंद्र मोदी से साठगांठ का आरोप लगाया। कहा कि मेरे मोबाइल से ही उन्होंने नरेंद्र मोदी से बात की। बातचीत से ऐसा लग रहा था कि वे किसे कहां टिकट देना, उनसे यह विमर्श कर रहे थे। उनके अनुसार भागलपुर दंगा के पीड़ितों के लिए लालू ने कुछ नहीं किया। जो किया नीतीश कुमार ने किया।