लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार की सीट सासाराम पर आम आदमी पार्टी (आप) ने सफाई मजदूर संघ की गीता आर्य को खड़ा करने का फैसला किया है। जबकि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो)के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर की मौजूदा सीट पर कारगिल के शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की मां चुनावी किस्मत आजमाएंगीं। बुधवार को जारी 56 आप उम्मीदवारों की सूची में पूर्व अंतरराष्ट्रीय पत्रकार और दो पूर्व पुलिस अधिकारियों को भी मौका मिला है।
आप ने अपनी पांचवी सूची के साथ ही अब तक कुल 187 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। बिहार में सासाराम से गीता आर्य, मुंगेर से संदीप कुमार, मुधबनी से इरशाद, किशनगंज से अलीमुद्दीन अंसारी, खगड़िया से डॉ. स्वामी विवेकानंद, कटिहार से विक्टर झा, बक्सर से डॉ. श्वेता पाठक और बांका से नीरज कुमार के नाम शामिल हैं। इसी तरह हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से कारगिल शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की मां कमलकांत बत्रा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रही पार्टी ने दक्षिण के केरल और पूर्वोत्तर के असम में भी छह-छह सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। केरल के एर्नाकुलम से केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री केवी थामस को चुनौती देने के लिए पार्टी ने पूर्व पत्रकार अनिता प्रताप को चुना है। अनिता कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठनों में काम कर चुकी हैं। अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन में रहते हुए उन्होंने लिट्टे के प्रमुख प्रभाकरण का चर्चित इंटरव्यू भी किया था। पार्टी ने पूर्व आइपीएस अधिकारी सुरेश खोपाड़े को महाराष्ट्र में बारामती सीट से खड़ा किया है। इस सीट से राकांपा प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले सांसद हैं। यहीं से पहले पवार खुद चुनाव लड़ते थे। अपनी बेटी को राजनीति में उतारने के लिए उन्होंने यह सीट खाली की थी। इसी राज्य की रायगढ़ सीट से पार्टी ने संजय अपरांती को अपना उम्मीदवार बनाया है जो राज्य पुलिस में एसपी रह चुके हैं।
