नवगछिया पुलिस जिला में बुधवार को हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ने से लोगों को हाल बेहाल रहा। विशेषकर सड़कों व बाजार में सूनापन दिखाई दिया। सुबह से छाये घने कोहरे में वाहन लाइट जलाकर सड़क पर रेंगते रहे। भयंकर सर्दी का असर सरकारी दफ्तरों में भी दिखाई दिया। बाजारों तथा गली-मोहल्लों में भी सन्नाटा पसरा रहा। अलबत्ता चाय की दुकानों पर भीड़ रही।
नवगछिया के एसपी शेखर कुमार शाम में एक चौराहे पर अलाव भी जलाया। जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। वहीं डॉ0 सुधांशु कुमार और डॉ0 अरुण कुमार राय ने बच्चों व बुजुर्गो को ठंड से बचने की सलाह दी है। साथ ही लोगों को गर्म वस्त्र पहनकर व सिर और चेहरे का ढककर बाहर निकलने की जोर दिया है। ठंडा व बासी खाना न खाएं, उबले हुए पानी का सेवन करें, हल्का गुनगुना पानी सेहत के लिए बेहतर है, नाक, कान व सिर को खुला न छोड़े, खासतौर पर छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए लापरवाही न करते हुए उन्हें खुले आसमान में न जाने दें।