पत्नी रेहाना को सुपुर्द-ए-खाक कर बसपा विधायक हाजी अलीम अचानक गायब हो गए। मीडियाकर्मी और मिलने आए अन्य लोग उन्हें खोजते रहे, मगर उनका पता नहीं चला। परिजनों के हवाले से केवल इतना बताया गया कि विधायक गम में हैं तथा कब्रिस्तान से ही किसी जरूरी काम से कहीं चले गए हैं। विधायक के इस तरह गायब होने से शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दिल्ली पुलिस भी विधायक को पूछताछ के लिए खोज रही है।
बुलंदशहर [सदर] से विधायक हाजी अलीम की तीन पत्िनयों में से मंझली पत्नी रेहाना की मंगलवार रात दिल्ली के न्यू जाफराबाद स्थित फ्लैट में हत्या कर दी गई थी। बुधवार देर रात रेहाना का शव बुलंदशहर स्थित विधायक के घर लाया गया। गुरुवार सुबह विधायक हाजी अलीम भी हजयात्रा से वापस लौट आए। उनके आवास से रेहाना का जनाजा निकला, जिसमें सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। विधायक भी गुपचुप तरीके से जनाजे में शामिल हुए लेकिन शहर के जहारिया रोड कब्रिस्तान में शव को दफनाए जाने के बाद वह कब्रिस्तान से ही गायब हो गए।
विधायक को खोज रही दिल्ली पुलिससदर विधायक हाजी अलीम को दिल्ली पुलिस भी पूछताछ के लिए खोज रही है। पुलिस की एक टीम गुरुवार दोपहर एक बजे बुलंदशहर स्थित उनके आवास पर पहुंची, लेकिन विधायक वहां नहीं मिले। बाद में दिल्ली पुलिस उनके परिजनों से पूछताछ कर वापस लौट गई।
रेहाना ने तीन माह पहले दी थी तहरीरदिल्ली पुलिस के उप निरीक्षक प्रमोद सान्याल ने बताया कि विधायक की पत्नी रेहाना ने तीन माह पहले उनके खिलाफ उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए दिल्ली पुलिस को तहरीर दी थी। बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई थी और मामला दर्ज नहीं हुआ।
शक के दायरे में विधायक और दो पत्िनयांदिल्ली पुलिस सूत्रों की मानें तो रेहाना हत्याकांड में किसी करीबी का हाथ है। विधायक हाजी अलीम और उनकी दोनों पत्िनयां व अन्यपरिजन भी शक के दायरे में हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक रेहाना का स्वभाव बेहद नरम और मिलनसार था। उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। रेहाना के मायकेवालों से हुई पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगने का दावा दिल्ली पुलिस कर रही है।
कॉल डिटेल से खुल रही है परतदिल्ली पुलिस के अनुसार रेहाना और करीबी रिश्तेदारों की फोन कॉल डिटेल से इस केस की कई अहम परतें खुल रही हैं। हत्या से पहले कई करीबियों से रेहाना की फोन पर बातचीत हुई थी।