नवगछिया पुलिस जिला के कोसी पार ढोलबज्जा थाना क्षेत्र में बाइक सवारों ने रामचन्द्र मण्डल नामक एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी है। मामला जमीन विवाद का बताया जा रहा है। घटना स्थल ढोलबज्जा थाना से महज 100 गज की दूरी पर बताया जा रहा है। घटना सोमवार के शाम लगभग आठ बजे की है।
नवगछिया एसपी शेखर कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ढोलबज्जा थानाध्यक्ष को मामले की जांच करते हुए अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दे दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतक किसान के चाचा पारो मण्डल तथा भतीजा की भी 2005 में सोये हुए अवस्था में हत्या कर दी गयी थी। इस घटना के पीछे भी जमीन विवाद ही बताया गया था।
वहीं भाकपा माले के जिला कार्यकर्ता बिंदेश्वरी मण्डल ने नवगछिया पुलिस जिला के कोसी पार हो रही लगातार कई घटनाओं पर गहरा क्षोभ व्यक्त किया है। उन्होने कहा है कि पटना में बम फटता है, कोसी पार गोली चलती है, हत्या होती है। क्या यही सुशासन है?