भारतीय जल क्षेत्र में हथियारों, विस्फोटकों और गोला बारूद से लदे विदेशी जहाज़ के पकड़े जाने की घटना को बीजेपी ने देश की सुरक्षा के लिए बहुत ही गंभीर मामला बताया है.
बीजेपी ने मंगलवार को सरकार से मांग की कि वह इस पोत और उसमें सवार लोगों की कानूनी स्थिति को ज़ाहिर करे.
भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने सवाल किया कि ‘एमवी सीमैन गार्ड ओहायो’ नामक पकड़े गए जहाज़ और उसमें सवार लोगों के मूल देश तथा उनकी कानूनी स्थिति अभी तक स्पष्ट क्यों नहीं की गई है. उन्होंने जानना चाहा कि हथियारों से लदा यह जहाज़ 15 से 45 दिनों तक किस हैसियत से भारतीय जल क्षेत्र में रहा.
उन्होंने सरकार से यह भी बताने को कहा कि यह संदेहास्पद पोत कोच्चि बंदरगाह पर किस हैसियत से आया और वहां कब तक रहा.
सीतारमण ने कहा कि मामले की जांच रिपोर्ट आने तक पार्टी प्रतीक्षा करेगी ,लेकिन उससे पहले सरकार को इतना तो देशवासियों को बताना ही चाहिए कि ‘‘यह तैरता हथियारों का जखीरा’’ किस देश का है और भारतीय जल क्षेत्र में यह क्या कर रहा था.
उल्लेखनीय है कि 10 सदस्यीय चालक दल और 25 सशस्त्र समुद्री गार्डों वाले इस जहाज़ के खिलाफ अवैध तरीके से हथियार और गोला-बारूद रखने के मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. भारतीय जल क्षेत्र में पकड़े गए इस जाहज़ को तमिलनाडु के तूतीकोरिन बंदरगाह ले आया गया है.
