ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बीसीए छात्र सुबोध का अपहरण!

मां दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन करने घर से निकले पीएचईडी विभाग कर्मी शशि भूषण प्रसाद का पुत्र सुबोध कुमार चार दिनों बाद भी वापस नहीं लौटा है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि सुबोध को अगवा कर लिया गया है। चार दिनों बाद भी वापस घर नहीं लौटने पर पुलिस ने अपहरण के बिंदु पर तफ्तीश शुरू कर दी है। सुबोध बीसीए कर
चुका है।
पुलिस के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र निवासी सुबोध नवमी को दुर्गा पूजा का मेला देखने घर से निकला था। देर रात तक वापस घर नहीं लौटने पर परिवार वालों की बैचेनी बढ़ गई। उन लोगों ने रिश्तेदारों व दोस्तों के यहां सुबोध की खोज की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इस संबंध में गुरुवार को जीरोमाइल थाने में सुबोध की गायब होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और सुबोध की बरामदगी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की। खोजबीन के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुबोध का बरारी इलाके की लड़की से प्रेमप्रसंग चल रहा था। इस सूचना पर पुलिस ने सुबोध के मोबाइल का प्रिंट आउट निकाला है। प्रिंट आउट में लड़की का मोबाइल नंबर मिला। इस आधार पर पुलिस ने लड़की से पूछताछ की। पूछताछ में लड़की ने पुलिस को बताया कि मोबाइल पर बात करने के बाद सुबोध नवमी पूजा की रात करीब 10 बजे उससे मिलने घर पर आया था। बातचीत करने के बाद सुबोध अपने घर के लिए निकल गया। इसके बाद से सुबोध से उसकी कोई बातचीत नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक लड़की अपने घर में ही है। सुबोध का मोबाइल भी बंद है। पुलिस ने सुबोध के गायब होने में उक्त लड़की व उसके परिजनों को भी जांच के दायरे में रखा है। नगर डीएसपी वीणा कुमारी ने बताया कि सुबोध के अगवा के मामले में कई बिंदुओं पर तफ्तीश की जा रही है। बरामदगी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।