आरएसएस के पूर्व सरसंघचालक केएस सुदर्शन अब दुनिया में नहीं
रहे। शनिवार सुबह 6।30 बजे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ। 82 वर्षीय सुदर्शन ने स्थानीय आरएसएस कार्यालय में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार रविवार अपरान्ह तीन बजे नागपुर में होगा। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के मौजूद रहने की संभावना है।

संघ पदाधिकारी विकास तेलंग के अनुसार सुदर्शन रोज की तरह शनिवार सुबह भी टहलने निकले थे। सैर से लौटने के बाद वह कार्यालय स्थित अपने कक्ष में प्राणायाम करने चले गए। कुछ कार्यकर्ताओं ने देखा कि ध्यान लगाने के दौरान सुदर्शन नीचे झुक गए हैं। लगा कि वह सो गए हैं। कार्यकर्ताओं ने उन्हें हिलाया, कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। बाद में चिकित्सक ने निधन की पुष्टि की।
खबर सुनते ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी संघ कार्यालय पहुंचे, जहां दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। पूर्व सरसंघचालक के पार्थिव देह को शाम को विशेष विमान से नागपुर ले जाया गया।
अविवाहित सुदर्शन के परिवार में उनसे छोटी बहन वत्सला, बहनोई, छोटा भाई रमेश और भाभी हैं। सुदर्शन का जन्म 18 जून, 1931 को रायपुर में हुआ था। टेलीकाम इंजीनियरिंग करने के बाद वह 1953 में आरएसएस में बतौर कार्यकर्ता शामिल हुए। सुदर्शन ने 2000-2009 के दौरान संघ का नेतृत्व किया। वह स्वैच्छिक रूप से पद से हट गए।