नवगछिया के बहुचर्चित प्रीतम हत्याकांड की परत खुलने की संभावना लग रही है। पुलिस मान रही है कि छट्ठू साहनी ही प्रीतम को बैग वपास दिलवाने का प्रलोभन नवगछिया स्टेशन पर दिया होगा। पुलिस यह भी मान रही है कि छट्ठू ही प्रीतम को जाल में फंसाया। इसीलिये पूछताछ के लिए बुलाये जाने पर वह पुलिस से लुकाछिपी का खेल खेल रहा है।
पुलिस के वरीय पदाधिकारी का कहना है कि छट्ठू की गिरफ्तारी के लिए चौतरफा दबिश दी जा रही है। जल्द ही इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले अपराधी गिरफ्त में होंगे। इस बीच रेल पुलिस ने कुछ संदिग्ध अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात तक दियारा इलाकों में रेल थानाध्यक्ष हरि राम के नेतृत्व में छापेमारी की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नवगछिया के मक्खातकिया का रहने वाला छट्ठू साहनी का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। छट्ठू साहनी के विरुद्ध दो रेल डकैती का मामला पुलिस के रिकार्ड बुक में दर्ज है। वर्ष 1993 के दस जनवरी को छट्ठू साहनी ने 524 डाउन सवारी गाड़ी के एक बोगी मे डाका डाला था। इस डाके में यात्रियों के सामान की बरामदगी भी छट्ठू साहनी के पास से की गयी थी। दूसरी ट्रेन डकैती उसने 23 जनवरी 1995 को बखरी रेलवे स्टेशन के पास की थी। पुलिस मान रही है कि छट्ठू साहनी पर दूसरे रेल थाने में भी अन्य मामले दर्ज हैं। रेल आइजी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस इस कांड के उदभेदन के करीब पहुंच गयी है। अपराधियों की गिरफ्तारी होते ही इस हत्याकांड का खुलासा हो जायेगा।