
गर्मी की मार झेल रहे बिहारवासियों को आने वाले दो दिनों तक राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। राज्य में मंगलवार को सुबह से ही चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मंगलवार की सुबह पटना का न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस, गया का 29.3 डिग्री, भागलपुर का 30.2 डिग्री तथा पूर्णिया का सुबह का तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी पटना का सोमवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में अंतर कम होने के कारण लोगों को सुबह में भी गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के निदेशक ऐ.के. सेन ने बताया कि अगले एक दो दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि की संभावना है। पछुआ हवा चलने के कारण हवा में तेज गर्मी बनी रहेगी।