बिहार की रणबीर सेना के मुखिया ब्रह्मेश्वर सिंह का अंतिम संस्कार आज पटना में किया जाएगा। शुक्रवार तड़के मुखिया की बिहार के आरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बिहार में जातीय संघर्ष का सबसे बड़ा चेहरा अपने ही घर के सामने ढेर कर दिया गया। रणवीर सेना का प्रमुख ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ मुखिया की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने आरा में कोहराम मचा दिया। सरकारी हो या फिर गैर सरकारी जो भी गाड़ी दिखी उसे फूंक डाला गया। मुखिया समर्थक सड़कों पर घंटों उत्पात मचाते रहे, पुलिस की हिम्मत नहीं थी कि इन लोगों को रोके। हालत ये हो गई कि रणवीर सेना के कार्यकर्ताओं ने बीडीओ दफ्तर और सर्किट हाउस को भी आग के हवाले कर दिया।
ब्रह्मेश्वर सिंह की हत्या के बाद मौके पर पहुंचे नेताओं और पुलिस के बड़े अफसरों से भी रणवीर सेना समर्थकों की तीखी झड़प हुई। डीजीपी अभयानंद के साथ भी धक्का मुक्की की गई और उन्हें मजबूरन जगह से हटना पड़ा। ब्रह्मेश्वर समर्थक मांग कर रहे थे कि जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद नहीं आएंगे वो किसी को ब्रह्मेश्वर सिंह की लाश नहीं उठाने देंगे।