ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार में फिर जातीय हिंसा भड़कने का डर

बिहार के आरा में ब्रह्मेश्वर सिंह की हत्या के बाद कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों ने बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन्होंने जहां लोगों से अपनी भावनाओं पर काबू रखने की अपील की है, वहीं यह डर भी व्यक्त किया है कि रणवीर सेना के संस्थापक की हत्या से एक बार फिर राज्य में जातीय हिंसा भड़क सकती है। इस बीच केंद्रीय गृहसचिव आरके सिंह शनिवार को राज्य का दौरा करेंगे। हालांकि राज्य पुलिस ने केंद्र से अब तक कोई मदद नहीं मांगी है।

कांग्रेस ने कहा है कि इस हत्या पर सभी दलों को राजनीति करने से बाज आना चाहिए। कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष शकील अहमद ने कहा कि इसमें दो राय नहीं कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर बिहार सरकार की विफलता दिखलाती हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के धुर विरोधी लालू यादव ने इस हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर दी है। बिहार भाजपा ने भी ऐसी ही मांग की है।

उधर पटना में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिंह एक संगठन के नेता थे। उनकी जान को खतरा था। यह सरकार जानती थी। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा का इंतजाम नहीं किया गया।

लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि लालू प्रसाद यादव का नाम लेकर नीतीश कुमार लोगों को भ्रमित करते हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में ब्रह्मेश्वर सिंह पर एक लाठी तक नहीं चली। लेकिन नीतीश कुमार के सुशासन में उनकी हत्या कर दी गई।