नवगछिया और भागलपुर में भाजपा जिला का नेतृत्व जा सकता है युवा हाथों में
नवबिहार समाचार, भागलपुर। बिहार भाजपा के नए जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर पिछले दो माह से चल रही कवायद अब अपने अंतिम चरण में है। मध्यप्रदेश में सोमवार को जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है। बिहार में भी घोषणा जल्द होने की पूरी संभावना बनी हुई है। लेकिन 25 फरवरी को भाजपा के चाणक्य अमित शाह बिहार आ रहे हैं। इसलिए हो सकता है कि इस माह के अंत तक नई टीम की घोषणा प्रदेश मुख्यालय से हो। लेकिन उम्र को लेकर भी एक नया मोड़ सामने आ रहा है। जिसमें यह देखा जा रहा है कि 40 वर्ष से अधिक उम्र के कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष की कुर्सी न दी जाए। ऐसे में इस कुर्सी पर नजर लगाए नवगछिया और भागलपुर के करीब एक दर्जन प्रमुख कार्यकर्ताओं को निराशा हाथ लग सकती है। हालांकि उम्र संबंधी बात आधिकारिक तौर पर किसी ने नहीं कही है। फिर भी इसकी चर्चा चल रही है। जबकि प्रदेश मुख्यालय को भेजी गई सूची में लगभग सभी 40 से अधिक उम्र के लोग शामिल हैं।जानकारी के अनुसार नए जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर जिले के भाजपा विधायकों, एमएलसी व पूर्व जिलाध्यक्षों से तीन-तीन योग्य दावेदारों के नाम प्रदेश मुख्यालय को भेजे गए हैं। इन्हीं नामों में से एक पर प्रदेश नेतृत्व चर्चा कर अंतिम निर्णय लेगा। इसमें जातीय समीकरण भी साधने की कोशिश की जा रही है। पिछले तीन बार से लगातार भागलपुर विधानसभा सीट पर पार्टी की हार को लेकिर भी मंथन किया जा रहा है। खासकर वैश्य वर्ग को साधने की पूरी कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर आधी आबादी को भी साधने की तैयारी चल रही है। ऐसा हुआ तो किसी महिला को भी कुर्सी मिल सकती है। इसके लिए लगातार पटना व दिल्ली में लॉबिंग भी की जा रही है। पिछले 28 जनवरी को दरभंगा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होनी थी, लेकिन अब तक निर्णय नहीं हो पाया है। फिलहाल नवगछिया में विनोद कुमार मंडल और भागलपुर में रोहित पांडेय पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं। जबकि पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नवगछिया जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल को बारह जिलों का बूथ सशक्तिकरण अभियान का क्षेत्रीय प्रभारी बना दिया गया है।