बटेश्वर स्थान स्थित गंगा में स्नान के दौरान डुबने से दो युवकों की मौत, मातम में बदला शादी समारोह
कहलगांव बटेश्वर स्थान स्थित गंगा में स्नान के दौरान मंगलवार को डुबने से दो युवकों की मौत हो गयी। दोनों पटना में रहकर एक साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते थे। मृतकों में एक आशीष कुमार पिता ब्रह्मदेव साह, असरगंज मुंगेर का निवासी है, तथा दूसरा कहलगांव के अंतीचक पंचायत के मलकपुर के ब्रह्मदेव राम का पुत्र विलेश्वर राम था। दोनों की उम्र लगभग 25 साल थी। आशीष अपने मित्र विपलेश्वर राम के चाचा यमुना राम के बड़े बेटे सागर कुमार की शादी में शरीक होने मलकपुर आया था। जहां से मंगलवार शाम को उसकी बरात जगदीशपुर के लिए निकलनी थी। सुबह लगभग 10 बजे दोनों मित्र बटेश्वर स्थान मंदिर के सामने स्नान करने लगे। इस दौरान पानी का अंदाजा नहीं लगने से दोनों डूब गये।
शादी समारोह में आये दो युवकों के डूबने की सूचना आसपास के लोगों को मिली तो तुरंत घर में हड़कंप मच गया। शादी की सारी तैयारी छोड़ सभी गंगा किनारे बटेश्वर पहुंच गये। गंगा में दोनों डूबे छात्रों की खोज शुरू हो गयी। सूचना पाकर अंतीचक थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, कहलगांव के सीओ रामावतार यादव व अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और दोनों डूबे युवकों की खोज शुरू करवायी। स्थानीय गोताखोरों व नाविकों की सहायता से दिन के लगभग एक बजे दोनों डूबे युवकों को निकाल लिया गया। शव निकलते ही वहां मौजूद रिश्तेदार की चीख पुकार व महिलाओं की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। घर में शादी का माहौल मातम में बदल गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को परिजनों के आग्रह पर बिना पोस्टमार्टम कराये उन्हें सौंप दिया गया।