रूंगटा परिवार ने चार लड़कियों का सामुहिक विवाह कराकर किया कन्यादान
कहलगांव। आदर्श सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन के तहत कहलगांव शहर स्थित बैजनाथ मोहनलाल स्मृति भवन में शनिवार को स्थानीय निवासी राजेश रूंगटा ने गरीब परिवार की चार लड़कियों का सामुहिक विवाह कराकर कन्यादान किया। भवन को बल्बों और फूलों से सजाया गया था। हॉल में शहनाई की धुन भी बज रही थी। दूल्हा-दुल्हन के परिवारों की महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। समारोह में जहां पंडित पुरुषोत्तम शुक्ला व आचार्य नीलेश शुक्ला ने वैदिक मंत्रों के पाठ व शंख की ध्वनि से विवाह की रस्म पूरी करायी। वहीं कन्या दान की रस्म राजेश रूंगटा व पत्नी कंचन रूंगटा ने पूरी की।
इस सामुहिक विवाह समारोह में बाराती-सराती को लजीज भोजन कराया गया। विदाई में संस्था की ओर से वर-वधु को आभूषण, पलंग, बिछावन, बर्तन, शृंगार बॉक्स और अन्य सामान भी उपहार में दिये गये। उपस्थित अतिथियों ने भी इन जोड़ों को उपहार दिये। मौके पर विधायक पवन यादव, श्याम चौधरी, जगन्नाथ प्र गुप्ता, डॉ विजय मंडल, अरुण चमड़िया, अतुल खेतान, हेमंत अग्रवाल, महेश संथालिया, पवन चौधरी, भोला खेतान, संदीप रूंगटा और शहर के कई लोग उपस्थित थे। आयोजक ने बताया कि पिछले दस वर्षों से यह आयोजन कोलकाता निवासी आलोक जालान कहलगांव में कराते आये हैं। इस वर्ष कुछ कारणवश उनकी उपस्थिति नहीं हो पायी।