कहलगांव में गैस सिलेंडर फटने से चार घायल, बेहतर इलाज हेतु किया गया मायागंज रेफर
कहलगांव। अनुमंडल के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी कारीकादो गांव में गैस सिलेंडर फटने से महिला समेत चार बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को परिजनों ने कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में मोहम्मद शोएब खान की पत्नी मोहिना खातून (35), पुत्र मोहम्मद यूसुफ (11), भांजा टार्जन (12) तथा भांजी मनतशा (13) गंभीर रूप से घायल का प्राथमिक उपचार किया गया। सभी घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची शिवनारायणपुर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में उपचार कराने साथ आए परिजन आमना खातून ने बताया कि मेरी बहन के घर में मिट्टी की दीवार तोड़ कर ईंट का घर बनाया जा रहा है। इसी दौरान घायल मोयना खातून खाना बनाने चली गई। खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर के ब्लास्ट होने से सभी घायल हो गए। ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल मोहिना खातून के बाया हाथ का पंजा उड़ गया है तथा चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं भांजी मनतशा का चेहरा तथा पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। दोनों की स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है। पुत्र मोहम्मद यूसुफ और भांजा टार्जन का भी चेहरा तथा शरीर में कई जगह जख्म है। घायल की बहन आमना ने यह भी बताया कि घायल महिला के पति मो. शोएब खान हैदराबाद में मजदूरी करता है और वह इस समय हैदराबाद में है।