रंगरा प्रखंड के पंचायत चुनाव की मतगणना आज, जल्द ही मिलने लगेंगे चुनाव परिणाम
नव-बिहार समाचार। ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान रंगरा चौक प्रखंड में हुए मतदान की मतगणना आज सबौर स्थित कृषि विश्वविद्यालय परिसर में सुबह आठ बजे से प्रारंभ हो रही है। जहां जिला परिषद सदस्य के 10, मुखिया पद के 72, सरपंच पद के 51, पंचायत समिति सदस्य पद के 57, वार्ड सदस्य पद के लिए 565 और पंच पद के लिए 239 कुल 994 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। इसके बाद ही पता चल पायेगा कि कौन प्रत्याशी कितने पानी में है। यानि कि किसे पंचायत की जनता ने कितना पसंद किया है अथवा कौन प्रत्याशी जनता को अपने पक्ष में करने में कितना कामयाब रहा।वैसे मिल रही जानकारी के अनुसार प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के मतगणना केन्द्र तक पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। अधिकृत प्रत्याशी और उनके सहयोगी मतगणना केन्द्र के अंदर भी पहुंच गए हैं। जहां जिला परिषद सदस्य का परिणाम जल्द ही घोषित होने की संभावना है। इसके साथ ही दस पंचायतों के लिए मुखिया सहित सभी पदों की गिनती भी शुरू हो रही है।