नव-बिहार समाचार, नवगछिया। कोरोना वाइरस के प्रकोप से देशभर में इस समय चल रही विषम परिस्थिति को देखते हुए खाटू धाम वाले बाबा श्याम का कीर्तन भजन ऑनलाइन फेसबुक के श्याम दीवाने नवगछिया पर रविवार की शाम 4:30 बजे से लाइव प्रसारण होगा। जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों के कई मशहूर गायक अपनी-अपनी प्रस्तुति देकर कोरोना की चेन को समाप्त करने के लिए बाबा श्याम को रिझाने का प्रयास करेंगे। देशभर में कोरोना जैसी महामारी से बचाव हेतु घर में रहक6र ही सुरक्षित तरीके से बाबा श्याम के कीर्तन का लाइव आनंद लेने का अनुरोध नवगछिया की धार्मिक संस्था श्याम दीवाने ने किया है।
श्याम दीवाने संस्था द्वारा मिली जानकारी के अनुसार भजन संध्या का यह ऑनलाइन कार्यक्रम रविवार की संध्या 4:30 बजे से प्रारंभ होगा। इस दौरान सर्वप्रथम कोलकाता के विकास अग्रहरि अपने मधुर धुन से बाबा को रिझाएंगे। इसके बाद क्रमशः हरियाणा के सुनील दया, गिरिडीह वाले आकाश परिचय, कोलकाता की प्रियंका गुप्ता के बाद अंत में खाटूधाम वाले अजहर अली भी बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाएंगे। सदस्यों के अनुसार लॉकडाउन की इस विषम परिस्थिति में सरकारी सलाह और नियमों को मानते हुए कार्यक्रम यह पहला प्रयास किया जा रहा है। जिससे कोरोना को यहां से हराने के साथ साथ समय का सही सदुपयोग होगा।