ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में रंगरा ओपी की कमान एसएन झा को, राजकुमार सिंह सहित एक एसआई को एसपी ने किया निलंबित

नवगछिया (nnn)| पुलिस जिला नवगछिया में जब्त ओवरलोड ट्रकों को छोड़ने पर रंगरा थानेदार राजकुमार सिंह और एसआई रामाशंकर सिंह को नवगछिया एसपी निधि रानी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने एसएन झा को रंगरा थाने की कमान सौंपी है। एसएन झा रंगरा थाने में ही प्रतिनियुक्त थे। 
जानकारी के अनुसार 8 दिसंबर को नवगछिया एसडीओ के निर्देश पर एनएच-31 पर अभियान चलाकर पुलिस ने 60 ओवरलोड ट्रकों को जब्त किया था। इसमें से 50 ट्रकों को रंगरा ओपी प्रभारी ने बिना किसी आदेश के छोड़ दिया था। जुर्माना के लिए केवल 10 ट्रकों की सूची एसडीओ मुकेश कुमार को सौंपी थी। ट्रक ऑनर एसोसिएशन की शिकायत पर एसपी निधि रानी ने नवगछिया एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती व एसडीओ को मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी थी। 

एसपी ने बताया कि एसडीओ व एसडीपीओ ने मंगलवार शाम जांच रिपोर्ट सौंपी। जिसमें रंगरा ओपी प्रभारी राजकुमार सिंह व एसआई रामाशंकर सिंह की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।