नव-बिहार समाचार, भागलपुर (एनएनएन)। नवगछिया में रंगरा के समीप रविवार की सुबह घने कोहरे के कारण स्कार्पियो और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 10 लोग जख्मी हो गए। जिनमें आठ जख्मी लोगों की हालत नाजुक बताई गई। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक ट्रक नवगछिया से कटिहार की तरफ जा रही थी। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही स्कार्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कार्पियो पर चालक सहित सभी यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना में 10 लोगों के घायल हो जाने की सूचना है। आठ लोगों की हालत नाजुक बताई गई। स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल आठ यात्रियों को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्कार्पियो सवार पूर्णिया से एक शादी समारोह से अपने घर कहलगांव लौट रहे थे। शनिवार को सभी लोग कहलगांव से पूर्णिया गए थे। देर रात शादी समारोह से लौटने के दौरान रविवार सुबह यह घटना हुई।