नव-बिहार समाचार, नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में जमीन जोतने के विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई। जिसमें जमीन जोतने से रोकने गए अवधेश मंडल की लाठी-डंडे से पीट कर हत्या कर दी। साथ ही उसके बेटे और भतीजे को दौड़ा दौड़ा कर गंगा नदी में डूबा डूबा कर लाठी डंडे से जबरदस्त पिटाई कर घायल कर दिया। इस क्रम में मृतक की पत्नी सहित उसके परिवार के लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों में सत्यम कुमार उर्फ जागो मंडल, पुलकित मंडल, फूल कुमारी देवी, चंदरी देवी, लालो देवी शामिल हैं। सभी का इलाज नवगछिया के अनुमंडलीय अस्पताल में करने के बाद दो को मायागंज रेफर कर दिया गया।
घायलों और अन्य परिजनों के अनुसार मामला मृतक के पिता को भूदान में मिली दो एकड़ 41 डिसमिल जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। जिसे लेकर दोनों पक्षों ने रंगरा थाना में आवेदन दिया था। जिसके तहत एक दिन पहले शनिवार को ही अंचल अधिकारी ने अपना निर्णय दिया था। उसके बाद ही यह घटना हुई।
घटना की सूचना मिलने पर रंगरा थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह दल बल के साथ सिमरिया पहुंचे। पुलिस ने आरोपित सच्चिदानंद मंडल और उसके बेटे पीकू मंडल को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। उधर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बताया गया कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा।