नवगछिया। भागलपुर जिले के नवगछिया बाजार स्थित कपड़ा पट्टी (हड़िया पट्टी) में बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे बिनोद चिरानिया की कपड़ा दुकान में भयंकर आग लग गई। जिससे लगभग 15 लाख का कपड़ा एवं अन्य सामान देखते देखते जल कर राख हो गया। वहीं मौके पर पहुंची तीन दमकल के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। जिससे आग अगल बगल की दुकानों में ज्यादा नहीं फैल पायी।
कपड़ा पट्टी की कपड़ा दुकान में लगी इस आग का कारण बिजली की शार्ट सर्किट ही माना जा रहा है। विनोद चिरानिया की दुकान में अधिकांश कपड़ा तथा अन्य सामग्री अशोक चौधरी के दुकान की रखी हुई थी। जानकारी के अनुसार लगभग एक घंटा पहले ही दुकानदार दुकान बंद कर घर गया ही था। इसी दौरान दुकान में आग लग गयी। आसपास के लोगों को पता तब चला जब काफी मात्रा में खपरैल की इस दुकान से काफी धुँआ उठने लगा और गंध भी फैलने लगी।