
समाज की रूढ़िवादी बंदिशों की परवाह न कर बढ़ रही है आगे
राष्ट्रीय व राज्य बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में लहरा चुकी है परचम
राजेश कानोड़िया, नवगछिया (भागलपुर)। राष्ट्रीय व राज्य बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में नवगछिया का कद बीते कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है। इसके पीछे नवगछिया के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन रहा है। इनमें नवगछिया पुलिस जिले की टीम से खेलने वाली मकंदपुर की अंजली भी एक है। अंजली ने अपने दमदार खेल के बूते नवगछिया पुलिस जिला का नाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अंजली जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी से प्रेरित होकर आज नवगछिया पुलिस जिला में बॉल बैडमिंटन टीम में बालिका खिलाड़ियों की बड़ी फौज खड़ी हो गई है। ये लड़कियां समाज की रूढ़िवादी बंदिशों की परवाह नहीं करते हुए न सिर्फ आगे बढ़ रही है बल्कि खेल के मैदान में विरोधी टीमों को मात देकर राज्य व राष्ट्रीय पर डंका भी बजा रही हैं।

वहीं नवगछिया बॉल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सह जिप राजीव रंजन उर्फ घंटु सिंह ने बताया कि अंजली बालभारती स्कूल की छात्रा है, जिसे एक भाई व एक बहन है। अंजली बताती है कि पढ़ाई के साथ साथ खेल में उसे माता -पिता का भी प्रोत्साहन मिलता है। उसके पिता अजित कुमार चौधरी पेशे से किसान है। राज्य प्रवक्ता सह जिला सचिव ज्ञान देव कुमार ने बताया कि बालिका टीम से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सबजूनियर व जूनियर खेलने वाली अंजली पहली खिलाड़ी है। जो कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है। अंजली को तरसने में खेल शिक्षक मो0 गुलाम मुस्तफा का काफी योगदान है।

ये है उपलब्धि
(1) 26 से 30 दिसंबर 2017 तक ओड़िसा के भुवनेश्वर में आयोजित 37 वीं राष्ट्रीय सबजूनियर बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में शामिल।
(2) 11 से 15 अगस्त 2018 तक नमक्कल (तमिलनाडु) में आयोजित 64 वीं राष्ट्रीय जूनियर बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता में शामिल।
