भागलपुर: इंटर परीक्षा के पहले दिन ही कदाचार के आरोप में दो निष्कासित
नव-बिहार न्यूज एजेंसी (NNA), भागलपुर। जिले के 44 केंद्रों पर मंगलवार से शुरू हुई इंटरमीडिएट परीक्षा के पहले ही दिन कदाचारमुक्त परीक्षा आयोजन के दावे की पोल खुल गई। सदर अनुमंडल के दो केंद्रों पर प्रथम एवं द्वितीय पाली में एक-एक छात्र निष्कासित हुए। निष्कासित होने वाले छात्रों में टीएनबी कॉलेजिएट केंद्र से सौरभ कुमार तथा बीएन कॉलेज केंद्र से गौरव कुमार शामिल हैं। इन्हें चीट के साथ परीक्षा हॉल में पकड़ा गया। कहलगांव एवं नवगछिया अनुमंडल के 10 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
पहले दिन प्रथम पाली में जीव विज्ञान एवं दूसरी पाली में दर्शनशास्त्र और आरबी हिंदी की परीक्षा हुई। दोनों पालियों को मिलाकर 7530 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, 180 अनुपस्थित रहे। सीसीटीवी की निगरानी एवं वीडियोग्राफी व्यवस्था का दावा करने वाले शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन की खामियां साफ दिखीं। छात्राओं के केंद्र पर पुरुष वीक्षक और पुलिस बल कार्य करते दिखे। डीईओ ने कहा कि कॉलेजों में प्रोफेसर परीक्षा ड्यूटी नहीं करना चाहते हैं। बुधवार से सभी छात्राओं के केंद्रों पर महिला वीक्षक लगाई जाएंगी।
