ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

देश की एकता के लिये स्कूली छात्र भी निकले सड़कों पर



एक तरफ जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के मौके पर देश की एकता को बनाए रखने को लेकर दिल्ली में 31 अक्तूबर को रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखायी गयी। वहीं दूसरी तरफ देश की एकता के लिये बिहार के नवगछिया स्थित बालभारती विद्यालय के सैकड़ों स्कूली छात्र भी नवगछिया बाजार की सड़कों पर निकाल पड़े। जहां से वे गौशाला रोड, पोस्ट ऑफिस रोड, मेन रोड और स्टेशन रोड के रास्ते स्टेशन गोलम्बर तक गये। वहाँ से सारे छात्र वापस उसी रास्ते अपने विद्यालय पहुंचे। जहां सभी छात्रों को नवगछिया पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक शेखर कुमार की मौजूदगी में प्राचार्य राजीव प्रसाद ने देश की एकता के लिये सामूहिक शपथ दिलाई।
इस मौके पर नवगछिया पुलिस अधीक्षक शेखर कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की एकता की दृढ़ इच्छा शक्ति की बदौलत ही आज हमारा देश विश्व भर में एक मजबूत राष्ट्र के नाम से जाना जाता है। आज कुछ लोग धर्म और जाति के नाम पर हमारे देश और समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होने छात्रों से अपील की कि ऐसे तत्वों से सावधान रहते हुए एकता की भावना हमेशा अपने दिल में बनाए रखें। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य द्वितीय मुरारी लाल पंसारी ने जहां छात्रों में एकता का जोश भरा। वहीं उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने एकता को महत्व को बताया। मौके पर स्कूल के सभी शिक्षक और सहयोगी भी मौजूद थे।