बिहार के अस्थावां से जदयू विधायक जितेंद्र कुमार का विरोध कर रहे लोगों ने सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभा में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पथराव किया लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। इसके अलावा शेखपुरा जिले में एक युवक ने मंच की ओर चप्पल दिखाई जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हंगामे के चलते रैलीस्थल पर अफरा-तफरी मची रही। बाद में मुख्यमंत्री के समझाने पर लोग माने।
अस्थावां प्रखंड की नेरूत पंचायत के मोहद्दीनगर, नकटपुरा गांव के सैकड़ों लोगों ने स्थानीय विधायक जितेंद्र कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वोट बहिष्कार के नारे लगाए। कुछ नेताओं ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। उनकी शिकायत थी गांव में रास्ते के लिए वे जदयू के स्थानीय विधायक से कई बार फरियाद कर चुके हैं लेकिन समस्या का निदान नहीं हो रहा। रोष में आए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के समक्ष हंगामा करते हुए पथराव कर दिया। इसमें किसी को चोट नहीं पहुंची लेकिन थोड़ी देर के लिए सभा में भगदड़ मच गई। पुलिस ने खदेड़ना शुरू किया तो नीतीश ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को विरोध का हक है, उन्हें बोलने दीजिए।
इसके अलावा शेखपुरा जिले के बरबीघा में चुनावी सभा के दौरान लोगों ने नीतीश वापस जाओ के नारे लगाए। बरबीघा नवादा संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। सभा में युवक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चप्पल दिखाने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया।
