नवगछिया पुलिस जिला के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर दियारा में मंगलवार की सुबह एक मिनी गन फैक्ट्री पकड़ी गयी। जहां से मौके पर भारी मात्रा में निर्मित व अर्ध निर्मित आग्नेयास्त्र बरामद के अलावा आग्नेयास्त्र बनाने के औज़ार और सामान भी बरामद किए गए हैं। साथ ही इन सामानों को बनाने वाले 3 कारीगरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
नवगछिया के पुलिस अधीक्षक शेखर कुमार ने बताया कि पटना से आयी एसटीएफ की बीस सदस्यीय टीम व बिहपुर पुलिस की संयुक्त छापेमारी में गंगापुर दियारा स्थित गोपाल मंडल के बासा से मिनीगन फैक्ट्री के साथ भारी मात्र में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। जिसमें 11 देसी पिस्तौल, दो अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल, एक कट्टा, दो देसी मास्केट, दस मैगजीन, छह अर्धनिर्मित मैगजीन के अलावा हथियार बनाने वाले उपकरण आरी पत्ती, छेनी, बेस, स्प्रिंग, कील, आरी तथा 7.65 एमएम के चार कारतूस बरामद किये गये हैं। अवैध हथियार बनाने वाले तीन कारीगरों को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी बिहपुर थाना क्षेत्र के बिसनपुर निवासी दाहू मंडल, मुंगेर जिला के मुफसिल थाना क्षेत्र के बरधेई निवासी मो0 भुट्टो व मो0 कमरू हैं। जिनसे गोपाल मंडल अपने बासा पर हथियार बनवाने का काम करवाता था। निर्मित हथियारों को प्लास्टिक में लपेट कर मिट्टी में दबा दिया जाता था। जरूरत पड़ने पर हथियार को बाहर निकाला जाता था। भुट्टो पहले भी हथियार बनाने के अपराध में मुंगेर जेल जा चुका है। वह छह माह पूर्व ही जेल से बाहर निकला था।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि पांच सौ रुपये प्रत्येक हथियार को तैयार करने के लिए गोपाल मंडल देता था। कच्चा माल मुंगेर के बरधेई से मंगाया जाता था। एसपी ने बताया कि सोमवार बारह बजे रात में ही पटना से आई एसटीएफ के बीस सदस्यों की टीम बिहपुर थाना के सअनि लूटन राम के साथ छापेमारी करने के लिए निकली। सुबह पांच बजे तक गंगापुर दियारा में गोपाल सिंह के बासा पर धावा बोला गया।
लूटन राम के बयान पर बिहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी ने बिहपुर थानाध्यक्ष प्रमोद पोद्दार को मामले का अनुसंधान करने तथा गोपाल सिंह की आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने का आदेश दिया है। यदि आय से अधिक संपत्ति उसके पास मिली तो पुलिस उसे जब्त करने के लिए आगे की कार्रवाई होगी ।
